मॉस्को: एक समारोह में बंदूकधारियों ने भीड़ पर चलाई ताबड़तोड़ गोलियां, मचा हड़कम्प

पिकनिक रॉक बैंड के एक म्यूजिक कंसर्ट से पहले क्रास्नोगोर्स्क में क्रोकस सिटी हॉल पर हुए हमले के बारे में जानकारी सामने आई है।

0

रूस (Russia) के मॉस्को (Moscow) में एक समारोह स्थल पर कई बंदूकधारियों ने भीड़ पर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। इस हमले में 70 लोगों की मौत की जानकारी रूसी अधिकारियों ने दी है, वहीं 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। मॉस्को आतंकी हमले में वह थिएटर जलकर राख हो गया, जहां कंसर्ट चल रहा था। पिकनिक रॉक बैंड के एक म्यूजिक कंसर्ट से पहले क्रास्नोगोर्स्क में क्रोकस सिटी हॉल पर हुए हमले के बारे में जानकारी सामने आई है।

मॉस्को हमले के एक प्रत्यक्षदर्शी ने न्यूज एजेंसी AFP को बताया कि पिकनिक रोक बैंड का कंसर्ट शुरू होने से कुछ मिनट पहले अचानक गोलीबारी शुरू हो गई। कंसर्ट में मौजूद एलेक्सी नाम के एक शख्स ने बताया कि वहां चीख-पुकार मच गई और सब घबरा गए।

इंटरफैक्स न्यूज एजेंसी ने इमरजेंसी सेवाओं के हवाले से कहा कि खुद की पहचान छिपाने वाली वर्दी पहने दो से पांच हथियारों से लैस हमलावर ऑटोमैटिक हथियार लिए कंसर्ट हॉल में घुस गए और गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।

सिक्योरिटी सर्विसेट के करीबी रूसी सोशल मीडिया चैनलों ने दो लोगों का कंसर्ट हॉल में घुसने का वीडियो दिखाया। वहीं वीडियो में चीखते हुए बाहर भागते लोग और शव भी दिखाई दे रहे हैं। आरआईए नोवोस्ती के एक पत्रकार ने कहा कि कंसर्ट में घुसे हमलावरों ने गोलियां चलाईं और “ग्रेनेड” या “आग लगाने वाला बम” फेंका, जिससे थियेटर में आग लग गई।

गोलियों से बचने के लिए कुछ लोग हॉल में सीटों के पीछे छिप गए। वहीं कुछ लोग बेसमेंट और छतों की तरफ भागने लगे। हमले के कुछ घंटों बाद घटनास्थल पर मौजूद एएफपी के एक पत्रकार ने 6000 लोगों की क्षमता वाले कंसर्ट हॉल की छत से काला धुआं और आग की लपटें निकलती देखीं।

इमरजेंसी सिचुएशन मिनिस्ट्री ने कहा कि फायर सर्विसेट ने कंसर्ट हॉल से करीब 100 लोगों को बाहर भागने में मदद की। TASS न्यूज एजेंसी के मुताबिक, कंसर्ट हॉल से पिकनिक रोक बैंड ग्रुप के सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।

कंसर्ट हॉल की छत पर फंसे लोगों के लिए भी रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की तलाश शुरू कर टेटेरिज्म इन्वेस्टिगेशन शुरू कर दी गई है।