Haryana: मां और बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक को मारी गोली

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने 8 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया।

0
Haryana

हरियाणा में 22 फरवरी को पलवल के नाई नंगला गांव में 10वीं कक्षा के छात्र लोकेश को गोली मारकर घायल करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि लोकेश ने कुछ लड़कों द्वारा अपनी मां और बहन के साथ छेड़छाड़ का विरोध किया था, जिसके बाद उनमें से एक ने उसे गोली मार दी।

घटना के समय लोकेश अपनी मां और बहन के साथ उपले लेने के लिए प्लॉट पर गया था। जब वे वापस घर जा रहे थे, तब 8-9 लड़कों ने उसकी मां और बहन के साथ बदतमीजी शुरू कर दी। लोकेश ने इसका विरोध किया तो बुलट पर सवार एक लड़के ने उसे गोली मार दी। गोली लोकेश के हाथ में लगी और वह घायल हो गया। आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए।

पुलिस ने बताया कि कपिल नाम के शख्स ने फोन पर उन्हें सूचना दी, कि उसके भतीजे लोकेश को गोली लगी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक घायल अशोक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा चुका था।

गोली चलाने वाले लड़के की पहचान कोकन के तौर पर हुई है। पुलिस ने आरोपी कोकन समेत आठ के खिलाफ आईपीसी की धारा 148, 149, 307, 509 और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।