सपा प्रत्याशी Ravisen Jain के अपहरण की खबर से मचा हड़कम्प

दोपहर बाद से ही समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी रविसेन जैन किसी का कॉल नहीं उठा रहे थे। बाद में उन्होंने अपना मोबाइल ही स्विच ऑफ कर दिया।

0
65

गुरुवार देर शाम समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी रविसेन जैन (Ravisen Jain) के अपहरण की खबर आग की तरह फैलने लग गई। वहीं इसकी सूचना मिलते ही शहर भर में हंगामा मच गया। रविसेन जैन (Ravisen Jain) द्वारा पहले कॉल ना उठाने और बाद में मोबाइल स्विच ऑफ करने से सभी लोग एक्टिव हो गए। लोगों ने रविसेन जैन (Ravisen Jain) के अपहरण की आशंका भी जता दी।

हालांकि, बाद में रविसेन जैन को पुलिस सिटी कोतवाली लेकर पहुंची जहां उन्होंने अपनी मूल पार्टी भाजपा में आने की पुष्टि की। हालांकि इस पूरी घटना के बाद सपा कार्यकर्ताओं में काफी रोष देखा जा रहा है। सपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज यादव ने रविसेन जैन पर कार्यकर्ताओं और पार्टी के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया है।

दरअसल, आशंका यह भी जताई जा रही थी कि रविसेन जैन (Ravisen Jain) बीजेपी के पक्ष में अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। जब उन्होंने नामांकन वापस नहीं लिया तो उनके ऊपर दबाव बढ़ गया। दोपहर बाद से ही समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी रविसेन जैन किसी का कॉल नहीं उठा रहे थे। बाद में उन्होंने अपना मोबाइल ही स्विच ऑफ कर दिया। रविसेन जैन के कई परिजनों एवं शुभचिंतकों के जब कॉल नहीं लगे तब सोशल मीडिया पर रविसेन जैन के अपहरण होने की खबर उड़ीं।

इसके बाद जैन समाज ने सिटी कोतवाली का घेराव करना शुरू कर दिया। इसके बाद सक्रिय हुई पुलिस ने तत्परता दिखाई और वह रविसेन जैन को सिटी कोतवाली लेकर पहुंची। यहां डरे सहमे रविसेन जैन ने कहा कि वह अपनी मूल पार्टी (भाजपा) में वापस आ गए हैं, जबकि उसी समय मौके पर मौजूद सपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज यादव ने कह दिया कि रविसेन जैन पहले से भाजपा से मिले हुए थे और समाजवादी पार्टी के साथ इन्होंने विश्वासघात करने का काम किया है।

इस मामले में जब समाजवादी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं अटेर विधानसभा चुनाव प्रभारी नीरज यादव से पूरे घटनाक्रम को लेकर फोन पर बात की गई तो उन्होंने कहा कि रविसेन जैन द्वारा समाजवादी पार्टी को कमजोर करने का षड्यंत्र रचा गया था। समाजवादी प्रदेश के उपाध्यक्ष नीरज यादव ने कहा कि भिंड और अटेर में समाजवादी पार्टी जीतने की स्थिति में थी और भाजपा डर चुकी थी कि यदि समाजवादी पार्टी यहां मजबूती से लड़ेगी तो भाजपा हार जाएगी।

उन्होंने कहा, ऐसे में भारतीय जनता पार्टी द्वारा सोची समझी साजिश के तहत रविसेन जैन को समाजवादी पार्टी में शामिल कराया गया। रविसेन जैन सोची समझी रणनीति के तहत समाजवादी पार्टी में आए थे और उन्होंने पार्टी ही नहीं बल्कि भिंड के समस्त मतदाताओं के साथ धोखा करने का काम किया है। वहीं रविसेन जैन के अपहरण की अफवाह के बारे में जब पूछा तो समाजवादी पार्टी प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज यादव ने कहा कि रविसेन जैन ने खुद स्वीकार किया है कि वह अपने पुराने कार्यकर्ताओं यानी कि बीजेपी के लोगों के पास गए हुए थे।