Indore: पिता ने की सात साल के मासूम बेटे की हत्या

इंदौर के लिम्बोदी गांव में आरोपी शशिकांत ने अपने सात साल के मासूम बेटे प्रतीक को मौत के घाट उतार दिया।

1
Indore

इंदौर (Indore) में एक 7 साल के मासूम की हत्या से परिवार में हड़कंप मच गया। जब बच्चे की दादी पोते के कमरे में पहुंची तो उसका शव पड़ा मिला। बुजुर्ग दादी की चीख पुकार सुन पूरा परिवार इकट्ठा हो गया। पता चला मासूम की हत्या किसी और नहीं बल्कि उसके पिता ने ही की है। हत्या के पीछे की मंशा सौतेली मां बताई जा रही है।

इंदौर (Indore) के तेजाजी नगर इलाके के लिम्बोदी गांव में एक पिता ने अपने 7 साल के मासूम बेटे को मौत के घाट उतार दिया। आरोपी शशिकांत ने तीन शादियां की है। पहली पत्नी से 7 साल का बेटा प्रतीक था। उसके बाद उसने दूसरी और फिर तीसरी शादी कर ली। तीसरी पत्नी बच्चे को पसंद नहीं करती थी। उसके यहां भी 2 महीने पहले एक बच्ची ने जन्म लिया है। बीती रात शशिकांत को तीसरी पत्नी ने फोन कर कहा था कि या तो बेटे को साथ रखो या मुझे। इस वजह से दोनों के बीच विवाद हुआ था।

सुबह मिला शव

पति-पत्नी के बीच विवाद की बात बेटे ने अपने बड़े पापा को बताई और लौटकर अपने पिता के साथ कमरे में सो गया था। इसके बाद सुबह होते ही शशिकांत घर से गायब हो गया था। जब काफी देर तक प्रतीक की कोई हलचल नहीं हुई तो उसकी दादी कमरे में पहुंची। यहां प्रतीक का शव पड़ा मिला और उसके शरीर पर चोट के निशान थे। परिवार ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर छानबीन शुरू कर दी।

पुलिस एडिशनल डीसीपी जयवीर सिंह भदोरिया के मुताबिक पति पत्नी के बीच में विवाद के बाद पिता ने अपने 7 साल के बेटे की गला घोंट कर हत्या कर दी और भाग निकला। वह जिस गाड़ी से भागा है परिवार ने उसकी सूचना पुलिस को दे दी है। पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी कर अलर्ट जारी कर दिया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही इस मामले में महिला की भूमिका की जांच की जाएगी। दोषी पाए जाने पर उसे भी गिरफ्तार किया जाएग।

1 COMMENT

Comments are closed.