Bulandshahr: मकान का लिंटर गिरने से एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

मलबे में परिवार के कई सदस्य दब गए है।

0
Uttar Pradesh

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से परेशान करने वाली खबर सामने आई है। एक मकान का लिंटर ढह गया। चार लोगों की मौत हो गई है। इस आपदा में चार लोगों के शव बाहर निकाले गए। मौके पर राहत और बचाव कार्य चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, बुलंदशहर जिले के नरसेना थाना इलाके के गांव मवई में देर रात मकान का लिंटर गिर गया। मलबे में परिवार के कई सदस्य दब गए। जिसमें से चार लोगों की मौत हो गई। चारों लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य चल रहा है। परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

बताया जा रहा है कि मकान की दूसरी मंजिल पर मंगलवार को ही लिंटर डाला गया था। परिवार के 13 सदस्य ग्राउंड फ्लोर पर सो रहे थे। देर रात हुए हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने आनन-फानन मलबे में दबे लोगों को निकालने के प्रयास शुरू किए।

सूचना मिलते ही सीओ समेत अन्य अधिकारियों की कई टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। फिलहाल राजपाल और उनकी पत्नी सुनीता, कुलदीप और धर्मेंद्र की मौत की पुष्टि हो गई है। मौके पर जिलाधिकारी पहुंचे हैं।