अभिनेता गुरुचरण सिंह लापता, पुलिस कर रही खोजबीन

गुरुचरण सिंह मुंबई जाने के लिए 22 अप्रैल को सुबह साढ़े आठ बजे घर से हवाई अड्डे के लिए निकले थे लेकिन वह मुंबई नहीं पहुंचे।

0

टेलीविजन सीरियल ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में रोशन सिंह सोढी का किरदार निभाकर लोकप्रिय हुए अभिनेता गुरुचरण सिंह कथित तौर पर लापता हो गए हैं। दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने यह जानकारी दी है। सूत्रों ने बताया कि 50 वर्षीय अभिनेता के पिता ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि शिकायत के अनुसार, गुरुचरण सिंह मुंबई जाने के लिए 22 अप्रैल को सुबह साढ़े आठ बजे घर से हवाई अड्डे के लिए निकले थे लेकिन वह मुंबई नहीं पहुंचे और उनसे फोन के जरिए भी संपर्क नहीं हो पा रहा।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि उन्होंने अलग-अलग टीम गठित कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एक सूत्र ने कहा, ‘हम यह जानने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं कि वास्तव में क्या हुआ।’

दिल्ली पुलिस को 22 अप्रैल का एक सीसीटीवी भी हाथ लगा है, जिसमें गुरुचरण रात के 9 बजकर 14 मिनट पर दिल्ली के पालम इलाके में परशुराम चौक पर पैदल कहीं जाते हुए दिख रहे हैं। सीसीटीवी की तस्वीरों में गुरुचरण पैदल जा रहे हैं और पीठ पर बैग है। दिल्ली पुलिस गुरुचरण के बैंक डिटेल्स भी खंगाल रही है। अभी तक पुलिस के हाथ कोई बड़ा सुराग नहीं लगा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here