यूपी नगर निकाय चुनाव: प्रयागराज भाजपा प्रत्याशी गणेश केशरवानी ने लहराया जीत का परचम

0
3
BJP candidate Ganesh Kaserwani

उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव के नतीजे आ चुके है। प्रयागराज में भाजपा मेयर प्रत्याशी गणेश केसरवानी ने एक लाख 29 हजार 394 वोटों से सपा के अजय श्रीवास्तव को हराया। केसरवानी को दो लाख 35 हजार 636 वोट मिले, जबकि अजय को एक लाख 62 हजार 42 वोट मिले। तीसरे नंबर पर कांग्रेस प्रत्याशी प्रभा शंकर मिश्र, चौथे नंबर पर बसपा के सईद अहमद, पांचवे नंबर पर ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के नकी खां और छठे नंबर पर आम आदमी के मोहम्मद कादिर रहे।

बता दें, नगर निकाय की कुल 760 सीटों के लिए 4 मई और 11 मई को दो चरणों में मतदान हुआ था। जिसमें 17 नगर निगम, 199 नगर पालिका और 544 नगर पंचायत की सीटों के लिए मतदान हुआ था। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, यूपी नगर निकाय चुनाव में कुल 53 फीसदी के आसपास मतदान हुआ है। इन चुनावों में 1.92 करोड़ से ज्यादा वोटर्स ने दूसरे चरण जबकि पहले चरण में 2.40 करोड़ वोटर्स ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।

प्रयागराज के नगर निकाय चुनाव में कुल 21 महापौर प्रत्याशी हैं। इसमें भाजपा और सपा प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर थी। बता दें कि यहां 100 वार्ड हैं जिसमें 909 पार्षद प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में थे।

पहले चरण में प्रयागराज रहा पीछे

चार मई को यहां नगर निगम चुनाव में कुल 494471 मत पड़े थे। इनमें महिला मतदाताओं की संख्या 208510 रही। जबकि 285961 पुरुष मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। पुरुषों का मत प्रतिशत 32.59 जबकि महिला मतदाताओं का मत प्रतिशत 30.31 फीसदी रहा।

अतीक के गढ़ में हारी बीजेपी

माफिया अतीक अहमद के वार्ड 44 में भी भाजपा की हार हुई है। सपा की जहांआरा तकरीबन 2000 वोटों से जीती हैं। भाजपा पार्षद प्रत्याशी सरिता हेला को हार का सामना करना पड़ा। अतीक अहमद का घर और ससुराल दोनों इसी वार्ड में आते हैं।

कैबिनेट मंत्री के वार्ड में हारी भाजपा

कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के वार्ड 80 में भाजपा की हार हुई है। निर्दल प्रत्याशी कुसुम लता गुप्ता 1674 वोट पाकर चुनाव जीतीं हैं। दूसरे नंबर पर सपा के इशरत अली को 1289 वोट मिले।

वहीं तीसरे नंबर पर भाजपा पार्षद प्रत्याशी विजय वैश्य को 1275 वोट मिले। अपने बूथ पर भी मंत्री नंदी भाजपा प्रत्याशी को नहीं जिता पाए।