भारतीय उच्चायुक्त समेत कई लोगों को जान से मारने की मिली धमकी

गुरपतवंत सिंह पन्नू ने जो वीडियो जारी किया है, उसमें कैनबरा में भारत के उच्चायुक्त मनप्रीत वोहरा, ब्रिस्बेन में काउंसल जनरल अर्चना सिंह को धमकी दी है।

0
94

ऑस्ट्रेलिया (Australia) में हिंदू मंदिरों पर हमले के मामले इन दिनों काफी ज्यादा बढ़ गए है। इसी बीच अब भारतीय उच्चायुक्त समेत कई लोगों को जान से मारने की धमकी दी गई है। इस मामले में खालिस्तानी अलगाववादी संगठन सिख फॉर जस्टिस (Sikh for Justice) का प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू (Gurpatwant Singh Pannu) ने एक नया वीडियो पोस्ट किया है और इन लोगों को धमकी दी है। वही उसने अलगाववादियों को भी उकसाया है।

खालिस्तान समर्थक ने एक पोस्टर भी शेयर किया है। इसमें सिख दंगे का जिक्र है। भारतीय उच्चायुक्त को धमकी दी गई, इससे ठीक एक दिन पहले आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री ने भारत में खालिस्तानी समर्थकों के हमलों के बारे में स्पष्ट किया था कि, इन हमलों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक, गुरपतवंत सिंह पन्नू (Gurpatwant Singh Pannu) ने जो वीडियो जारी किया है, उसमें कैनबरा में भारत के उच्चायुक्त मनप्रीत वोहरा (Manpreet Vohra), ब्रिस्बेन में काउंसल जनरल अर्चना सिंह (Archana Singh) को धमकी दी है। इतना ही नहीं, ऑस्ट्रेलिया टुडे के पत्रकारों को भी एसएफजे ने धमकी दी है।

गुरपतवंत सिंह पन्नू ने इन्हें हिंदुत्ववादी भीड़ कहकर संबोधित किया और अपने समर्थकों को नुकसान पहुंचाने की अपील की है। मामले को भारतीय उच्चायोग ने गंभीरता से लिया है और खतरे की आशंका जताई है। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलियाई सुरक्षा एजेंसियों से संपर्क किया है।

हालही में, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बनीस (Anthony Albanese) ने नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया था और कहा, ऑस्ट्रेलिया धार्मिक जगहों पर होने वाली किसी भी तोड़फोड़ और हमलों को बर्दाश्त नहीं करेगा। हिंदू मंदिरों पर हमला करने वालों के लिए ऑस्ट्रेलिया में कोई जगह नहीं है।

इससे पहले भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच शुक्रवार को समझौतों और प्रेस बयानों का आदान-प्रदान किया गया। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने ऑस्ट्रेलिया में मंदिरों पर हाल के हमलों पर चिंता व्यक्त की। इस पर एंथोनी अल्बनीस (Anthony Albanese) ने आश्वासन दिया है कि, ऑस्ट्रेलिया में भारतीय समुदाय की सुरक्षा और भलाई उसके लिए प्राथमिकता है।