डोंबिवली एमआईडीसी की एक कंपनी में हुए ब्लास्ट ने कई परिवार की मुस्कुराहट छीन ली

घटना के बाद का मंजर इतना खौफनाफ था कि पति अपनी पत्नी के शव तक को नहीं पहचान सका।

0
9

महाराष्ट्र के डोंबिवली एमआईडीसी (Dombivli MIDC) की एक कंपनी में हुए ब्लास्ट ने कई परिवारों की ज़िंदगी छीन ली। हादसे में कई कर्मचारियों की जान चली गई। इसी घटना में एक महिला रिद्धि अमित खानविलकर की भी मौत हुई। रिद्धि की मौत के बाद उसके पति ने जो दर्दनाक मंजर बताया उसे सुनकर किसी का भी कलेजा पसीज जाएगा। घटना के बाद का मंजर इतना खौफनाफ था कि पति अपनी पत्नी के शव तक को नहीं पहचान सका। पत्नी का मंगलसूत्र और अंगूठी देखकर उसका दिल बैठ गया। इस हादसे ने ऐसे ही कई परिवारों की खुशियां छीन ली।

दरअसल, डोंबिवली के रामचन्द्र नगर नवमौली सोसायटी में रहने वाले अमित गुरुवार को छुट्टी होने के कारण घर पर ही थे और पत्नी रिद्धि काम पर गई थीं। रिद्धि के पति अमित खानविलकर को जब पता चला कि कंपनी में धमाका हो गया है। इसके बाद अमित ने तुरंत अपनी पत्नी की तलाश शुरू कर दी। अमित ने पत्नी रिद्धि को फोन भी किया लेकिन फोन नहीं उठा। इसके बाद उसने अपने कुछ दोस्तों को भी इसकी जानकारी दी। सभी लोग रिद्धि को ढूंढने की कोशिश में जुट गए।

रिद्धि की तस्वीरें व्हाट्सएप ग्रुपों पर भी प्रसारित की गईं और अस्पताल में भी उसकी तलाश शुरू की गई। एक डॉक्टर ने अमित के एक दोस्त को फोन किया और बताया कि ब्लास्ट हादसे में चार शव मिले हैं। ये शव दो अस्पतालों में रखे गए हैं। डॉक्टर ने बताया कि इनमें से दो शव महिलाओं के हैं। ये दोनों शव शास्त्रीनगर अस्पताल में रखे गए हैं। इसके बाद अमित के दोस्त शास्त्रीनगर पहुंचे, लेकिन वे इन दोनों शवों की पहचान नहीं कर सके। इसके बाद खानविलकर परिवार को भी वहां बुलाया गया।

अस्पताल पहुंचकर अमित ने भी अपनी पत्नी की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान अमित को एक शव के हाथ में अंगूठी दिखी। अमित ने कहा कि ये अंगूठी उसकी पत्नी की है। इसके बाद जब उसने मंगलसूत्र देखा तो उसे झटका लगा। अमित ये बात समझ गया कि ये शव उसकी पत्नी रिद्धि का ही है और वह अब इस दुनिया को अलविदा कह गयी है। बता दें कि इस धमाके में 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 65 लोग घायल बताए जा रहे हैं।