सिक्किम में SKM प्रचंड बहुमत के साथ एक बार फिर सरकार बनाने को तैयार

प्रदेश की 32 सीटों में से SKM ने 31 सीटों पर बड़ी जीत हासिल की है, जबकि सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट यानी SDF के खाते में एक सीट आई है।

0
10

सिक्किम विधानसभा चुनाव (Sikkim assembly elections) के नतीजे साफ हो चुके हैं। सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा यानी SKM एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। प्रदेश की 32 सीटों में से SKM ने 31 सीटों पर बड़ी जीत हासिल की है, जबकि सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट यानी SDF के खाते में एक सीट आई है।

सत्तारूढ़ सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (SKM) को लगातार दूसरी बार बड़ी जीत मिली है। बीजेपी, कांग्रेस और सिटीजन एक्शन पार्टी-सिक्किम (सीएपी-एस) के खाते में एक भी सीट नहीं आई है। सिक्किम की 32 विधानसभा सीटों पर पहले चरण में 19 अप्रैल को वोटिंग हुई है। विधानसभा के साथ-साथ सिक्किम की एक लोकसभा सीट पर भी वोटिंग हुई थी, जिसके नतीजे 4 जून को घोषित किए जाएंगे।

प्रेम सिंह तमांग (Prem Singh Tamang) वर्तमान में सिक्किम के मुख्यमंत्री हैं। वह 2019 में राज्य के छठे मुख्यमंत्री चुने गए थे। प्रेम सिंह तमांग (Prem Singh Tamang) पश्चिम सिक्किम से आते हैं और 1990 के दशक की शुरुआत से राजनीति में सक्रिय हैं। 1993 में प्रेम सिंह तमांग सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (SDF) में शामिल हुए और 1994 में चाकुंग विधानसभा सीट से चुनाव लड़कर विधानसभा पहुंचे। इसके बाद उन्हें राज्य सरकार में मंत्री भी बनाया गया और 2009 तक वह कैबिनेट मंत्री बने रहे।