बरेली में दुकानदार की हत्या, चारपाई पर मिली लहूलुहान लाश

पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

0
10
Uttar Pradesh

बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में धर्मपुर गांव निवासी बुजुर्ग दुकानदार की हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह उनका लहूलुहान शव घर के बाहर चारपाई पर मिला। इससे गांव में हड़कंप मच गया। दुकानदार के सिर में किसी नुकीली चीज से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के मुताबिक धर्मपुर गांव निवासी 60 वर्षीय जहूर अहमद परचून की दुकान चलाते थे। बुधवार रात वह दुकान के बाहर चबूतरे पर चारपाई डालकर सो रहे थे। परिवार के लोग घर के अंदर सो रहे थे। रात में उनके सिर पर धारदार हथियार से प्रहार कर उनकी हत्या कर दी गई। सुबह उनका बेटा अमजद नमाज के लिए उन्हें जगाने आया।

चारपाई पर जहूर का लहूलुहान शव देखकर बेटा सन्न रह गया। जानकारी होने पर घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसपी सिटी और सीओ तृतीय भी पहुंचे। मृतक के परिजनों से जानकारी की। मृतक के बेटे ने बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है, पता नहीं किसने हत्या की है।

पुलिस ने घटनास्थल पर बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जहूर अहमद की हत्या से गांव के लोग स्तब्ध हैं। वहीं, उनके घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के मन में यही सवाल था कि आखिर किसने जहूर की हत्या की है और क्यों ? हैरत की बात यह है कि रात में किसी को वारदात की भनक तक नहीं लगी।