राजधानी में आज भी बारिश की संभावना है, मुसीबतों के बीच दिल्ली-NCR के लोगों के लिए आई राहत भरी खबर क्षेत्रीय मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को भी बारिश के आसार हैं। ऐसे में लोगों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. सोमवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री व न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
यमुना का जलस्तर कम होते ही पुराने लोहे के पुल पर ट्रेन सेवा बहाल कर दी गई है। सुबह के वक्त इस पुल से मालगाड़ी की आवाजाही कराई गई। इसके बाद पुरानी दिल्ली से संचालित होने वाली और इस स्टेशन पर पहुंचने वाली ट्रेन शुरू कर दी गई। हालांकि, फिलहाल प्रतिबंधित रफ्तार से ही ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। रेलवे ने सख्त निर्देश दिया है कि ब्रिज से गुजरते वक्त ट्रेनों की रफ्तार 20 किलोमीटर प्रतिघंटा से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।
यमुना पर स्थित डेढ़ सौ साल पुराने लोहे के पुल से ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया है। इससे सबसे अधिक राहत एनसीआर में आवागमन करने वालों को मिली है। इस पुल के बंद होने की वजह से 60 से अधिक पैसेंजर ट्रेन निरस्त कर दी गई थी। इससे दिल्ली से गाजियाबाद, पलवल, पानीपत, साहिबाबाद समेत दिल्ली आसपास के शहरों में आवागमन करने वालों की परेशानी बढ़ गई थी। सोमवार को सभी दफ्तर और बाजार खुल जाएंगे लिहाजा कामकाजी वर्ग व व्यवसायी वर्ग को इससे काफी लाभ मिलेगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार बाढ़ प्रभावित क्षेत्र को छोड़कर ज्यादातर ट्रेन सोमवार से चलनी शुरू हो जाएगी। हालांकि हिमाचल, जम्मू कश्मीर, फिरोजपुर मंडल व अंबाला मंडल में बारिश की वजह से रेलवे की बुनियादी सुविधा प्रभावित हुई है लिहाजा उस दिशा में संचालित होने वाली ट्रेन निरस्त रहेंगी। कुछ ट्रेनों को परिवर्तित रूट से चलाकर यात्रियों को राहत दी जा रही है। रेलवे अपने ट्रैक पर लगातार निगरानी कर रही है। रूट खुलते ही ट्रेन चलाई जा रही है। पुरानी दिल्ली स्टेशन से ट्रेनों के संचालन से अन्य स्टेशन पर ट्रेनों का दबाव कम हुआ है। इससे आउटर पर रूकने वाली ट्रेन अब नई दिल्ली और आनंद विहार स्टेशन पर आसानी से पहुंच रही है। लेटलतीफी का शिकार नहीं हो रही है।