रामपुर: फर्जी गोली कांड का पुलिस ने किया खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार

0
7

यूपी की रामपुर (Rampur) पुलिस ने एक फर्जी गोली कांड की घटना का खुलासा कर दिया है। यहां पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिन्होंने 8 लोगों पर गोली चलाने का आरोप लगाया था।

NSA के मुकदमे में दबाव बनाने के लिए रची गई थी साजिश

रामपुर (Rampur) में फायरिंग कर जानलेवा हमले की घटना फर्जी निकली। एनएसए के मुकदमे में दबाव बनाकर समझौते का मास्टर प्लान बनाया गया था। फायरिंग कर जानलेवा हमले में प्रधान सहित 8 पर आरोप लगाया गया था। फर्जी घटना में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जिले के थाना सिविल लाइंस के क्षेत्र रायपुर के प्रधान जाकिर अली और तौफीक, फुरकान पक्ष के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। इस रंजिश के चलते मोहर्रम के मौके पर भी काफी बवाल हुआ था, जिसमें फायरिंग की गई थी। इसके बाद कई बार दोनों पक्षों में मारपीट हो चुकी है। मामला पुलिस और न्यायालय तक पहुंच चुका है। तौफीक और फुरकान पक्ष पर एनएसए की कार्यवाही हो चुकी है। एनएसए की कार्यवाही से बचने के लिए तौफीक, फुरकान पक्ष ने स्वांग रचा ताकि मुकदमें को खत्म कराने के लिए दबाव बनाया जा सके। इसी को लेकर तौफीक फुरकान ने जाकिर प्रधान पक्ष को फंसाने के लिए जानलेवा हमले की पुलिस में बीती 7 मई को झूठी रिपोर्ट लिखाई। इसमें प्रधान जाकिर सहित 8 पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया था। पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि मुकदमें में दबाव बनाकर समझौते किया जा सके इसके लिए फर्जी जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया था। 

तीसरी आंख और अन्य सुबूतों के आधार पर घटना फर्जी पाई गई। इस कड़ी में तौफीक, फुरकान सहित 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही उनके कब्जे से नाजायज असलहा भी बरामद किया गया है। सभी आरोपियों को विधिक कार्यवाही कर जेल भेजने की तैयारी है।