पंजाब: कांग्रेस के विधायक Sukhpal Khaira को पुलिस ने किया अरेस्ट

पंजाब के भुलत्थ से कांग्रेस विधायक सुखपाल खैरा (Sukhpal Khaira) को गुरुवार सुबह करीब पांच बजे जलालाबाद पुलिस ने अरेस्ट किया है।

0
23

Punjab Police ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पंजाब कांग्रेस के विधायक सुखपाल खैरा (Sukhpal Khaira) को अरेस्ट कर लिया है। पंजाब के भुलत्थ से कांग्रेस विधायक सुखपाल खैरा (Sukhpal Khaira) को गुरुवार सुबह करीब पांच बजे जलालाबाद पुलिस ने अरेस्ट किया है।

जलालाबाद पुलिस सुखपाल खैरा को पकड़ने उनके चंडीगढ़ स्थित निवास स्थान पर पहुंची थी। पुलिस ने बताया कि उनके खिलाफ एक पुराना एनडीपीएस एक्ट का केस था, इस पर कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया है। हालांकि कांग्रेस विधायक ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान उनके खिलाफ दुश्मनी निकाल रहे हैं। कांग्रेस विधायक को सुबह सवा 11 बजे जलालाबाद कोर्ट में पेश किया जाएगा।

यह है पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, पांच मार्च 2015 को जलालाबाद थाना सदर की पुलिस ने आठ व्यक्तियों को हेरोइन और हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार व्यक्तियों में कपूरथला के एक आरोपी की सिफारिश उस समय सुखपाल खैरा ने की थी। बाद में सुखपाल सिंह खैरा को भी केस में आरोपी बना दिया गया था। सूत्रों के अनुसार, खैरा ने सुप्रीम कोर्ट से यह केस जीत लिया था, हालांकि इस की पुष्टि नहीं हुई है।

जानकारी के मुताबिक जब जलालाबाद पुलिस खैरा के चंडीगढ़ स्थित निवास स्थान पर पहुंची तो खैरा ने एतराज किया। उनका कहना था कि वह पहले उन्हें अरेस्ट वारंट दिखाएं उसके बाद ही उसे गिरफ्तार कर सकते हैं। इस बात पर पुलिस और खैरा के बीच बहसबाजी भी हुई। इस पूरे मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसके बाद खैरा ने कहा कि यह सारी कार्रवाई बदलाखोरी की है। वह किसी भी कीमत पर इस चीज को बर्दाश्त नहीं करेंगे।

उनके बेटे मेहताब खैरा ने कहा कि इस मामले में वह कोर्ट जाएंगे। वहीं विधानसभा में विरोधी पक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि वह इस कार्रवाई का विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी जल्द इस मामले में संघर्ष का एलान करेगी उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैरा रोजाना सरकार के झूठ की पोल खोलते हैं इसी वजह से उन्हें निशाना बनाया गया है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ एरिया से पंजाब पुलिस ने चंडीगढ़ पुलिस को सूचित किए बिना सुखपाल सिंह खैरा को गिरफ्तार किया है। ऐसे में पंजाब पुलिस पर चंडीगढ़ में किडनैपिंग का मामला दर्ज किया जाना चाहिए।