मेरठ कॉलेज में डिफेंस स्टडीज विभाग में प्रोफेसर डॉ. संजय कुमार का गुरुवार सुबह दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। बुधवार को उनकी तबीयत हलकी खराब होने के बाद मेट्रो अस्पताल में दिखाया गया था, जहां पर उनको कुछ टेस्ट करने के लिए दिए गए थे। आज सुबह चाय पीने के बाद उन्हें अचानक से उनको हार्ट अटैक आया, उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
उनके निधन पर मेरठ कॉलेज में शोक छा गया। कॉलेज में शोकसभा का आयोजन कर अवकाश घोषित कर दिया गया है। आज जिन छात्रों की परीक्षा है केवल उनकी ही परीक्षा हो रही है। कक्षाएं नहीं चलेंगी।
डॉ. संजय लंबे समय से मेरठ कॉलेज में अपनी सेवाएं दे रहे थे। डिफेंस स्टडीज डिपार्टमेंट को ऊंचाईयों तक ले जाने में उनका बड़ा योगदान रहा है। बृहस्पतिवार सुबह अचानक उन्हें हार्टअटैक आया और अस्पताल तक ले जाते वक्त रास्ते में ही निधन हो गया।
डॉ. संजय मूल रूप से गाजीपुर के रहने वाले थे। भारत पाकिस्तान संबंध, भारत की आंतरिक और बाह्य सुरक्षा, इंडिया चाइना बॉर्डर डिस्प्यूट, इंडियन सिक्योरिटी से कर सेना से जुड़े तमाम विषयों पर किताबें लिख चुके थे। डॉक्टर संजय के परिवार में पत्नी और बेटी हैं, बेटी सोफिया स्कूल में 11वीं की छात्रा है।
उनके पार्थिक शरीर को विक्टोरिया पार्क कालोनी में आवास पर रखा गया है। उनके छोटे भाई चंडीगढ़ से शाम तक मेरठ आएंगे। दूसरे रिश्तेदार लखनऊ से मेरठ के लिए रवाना हो गए हैं।
डॉक्टर संजय सीनियर प्रशासनिक अफसर डॉ. अमित घोष सहित सेना के वरिष्ठ अफसरों, रिटायर सैन्य अफसरों को डिफेंस स्टडीज में पीएचडी करा चुके थे। उनके शोक पर प्रबंध समिति अध्यक्ष सुरेश जैन ऋतुराज, सचिव डॉक्टर ओपी अग्रवाल, प्राचार्य डॉ अंजलि मित्तल, पूर्व प्राचार्य डॉक्टर युद्धवीर सिंह समेत सभी शिक्षकों ने शोक जताया है।