G20 शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने बनाया खास कीर्तिमान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यकाल में अब तक 3 अमेरिकी राष्ट्रपतियों का स्वागत किया है।

0
16

दिल्ली में हो रहे जी20 शिखर सम्मेलन की शुरुआत आज यानि शनिवार 9 सितंबर से हो जायेगा। राष्ट्रपति जो बाइडेन से लेकर ऋषि सुनक और कई अन्य देशों के प्रमुख नेता इस बैठक में भाग लेने के लिए नई दिल्ली में आ चुके हैं। बीती रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन की मेजबानी की और एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। बता दें कि पीएम मोदी देश के ऐसे पहले प्रधानमंत्री बन गए हैं। जिन्होंने 3 अमेरिकी राष्ट्रपतियों का भारत में स्वागत किया है। आइए जानते हैं इससे पहले भारत में आए सभी अमेरिकी राष्ट्रपतियों की सूचि और उनका स्वागत करने वाले प्रधानमंत्री के बारे में।

भारत की आजादी के बाद से केवल 8 अमेरिकी राष्ट्रपतियों ने भारत का दौरा किया है। साल 1959 में अमेरिका के राष्ट्रपति आइजनहावर इंडिया आए थे। तत्कालीन प्रधानमंत्री नेहरु ने उनका स्वागत किया था। इसके बाद साल 1969 में रिचर्ड निक्सन ने पूर्व पीएम इंदिरा गांधी के कार्यकाल में भारत का दौरा किया था। इसके बाद 1978 में पूर्व पीएम मोरारजी देसाई के कार्यकाल में अमेरिकी राष्ट्रपति जिमी कार्टर ने भारत का दौरा किया था।

2000 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने भारत का दौरा किया था। इसके बाद पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के कार्यकाल में 2006 में जॉर्ज डब्ल्यू बुश भारत दौरे पर आए थे। इन दोनों नेताओं के दौरे ने भारत-अमेरिका संबंधों में एक नया मील का पत्थर स्थापित किया था। इसके बाद साल 2011 में मनमोहन सिंह के कार्यकाल में ही बराक ओबामा ने भी भारत का दौरा किया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यकाल में अब तक 3 अमेरिकी राष्ट्रपतियों का स्वागत किया है। साल 2015 में बराक ओबामा ने गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि बनकर दूसरी बार भारत की यात्रा की थी। इसके बाद 2020 में डोनाल्ड ट्रंप भी भारत की दो दिन की यात्रा पर आए थे। वहीं, 8 सितंबर, 2023 को वर्तमान अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन भारत की यात्रा पर आए हैं। इस कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ये खास रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।