Prayagraj News: ‘वंदे भारत’ के रूट से कटा प्रयागराज का नाम, लम्बी दूरी बनी वजह

0
31
Vande Bharat Express

बुधवार को रेलवे बोर्ड ने वंदे भारत एक्सप्रेस का प्रयागराज तक संचालन न होने के मामले में अपनी मुहर लगा दी है। हालांकि वंदे भारत का प्रयागराज तक ट्रायल न होने से इस बात के संकेत मिल गए थे कि ट्रेन यहां नहीं आएगी। गोरखपुर से शुरू होने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन प्रयागराज तक होना था।

प्रयागराज तक चलाए जाने की योजना

रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक सूचना प्रसार अमिताभ शर्मा का कहना है कि गोरखपुर वंदे भारत फिलहाल प्रयागराज तक नहीं चलेगी। इसका संचालन गोरखपुर से लखनऊ तक ही होगा। गौरतलब है कि पहले रेलवे बोर्ड के अफसरों के अनुसार पहले वंदे भारत प्रयागराज तक चलाए जाने की योजना थी, लेकिन अब यह लखनऊ तक ही चलेगी।

संभावित समय सारिणी हुई जारी

गोरखपुर वंदे भारत को लेकर शुरू से यही कहा जा रहा था कि इसका संचालन प्रयागराज तक होगा। इसकी एक संभावित समय सारिणी भी जारी हुई-

सारिणीनुसार ट्रेन गोरखपुर से सुबह 7 बजे रवाना होकर अयोध्या एवं लखनऊ होते हुए दोपहर 2.25 बजे उसका प्रयागराज में आगमन होना था।

इसी तरह वापसी में प्रयागराज से इसकी रवानगी दोपहर 3 बजे होकर शाम 6.00-6.15 बजे लखनऊ, रात 8.13-8.15 बजे अयोध्या एवं रात 10.25 बजे गोरखपुर पहुंचती।

किराया और समय बना कारण

गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस का प्रयागराज तक संचालन न होने के पीछे अनेक वजह भी सामने आई हैं। दरअसल, प्रयागराज से इसकी रवानगी का संभावित समय दिन में 3 बजे दर्शाया गया था, जबकि यहां से लखनऊ इंटरसिटी हर रोज दोपहर 3.20 बजे रवाना होती है। ऐसे में किराया सस्ता होने की वजह से लोग इंटरसिटी एक्सप्रेस को ही तरजीह देते।

वंदे भारत प्रयागराज से वाया लखनऊ चलाए जाने पर गोरखपुर पहुंचने में 7:15 घंटे लेती, जबकि प्रयागराज के रामबाग स्टेशन से वाया वाराणसी चलने वाली बापूधाम महज 6.30 घंटे में ही यह दूरी तय कर लेती है। वाया लखनऊ चलाए जाने की वजह से प्रयागराज से अयोध्या और गोरखपुर की दूरी भी बढ़ जाती। ऐसे में यात्री वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर करने से पहले सोचेगा जरूर।