प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने आज दिल्ली में केंद्रीय जांच एजेंसी (CBI) की डायमंड जुबली कार्यक्रम का श्रीगणेश किया और शिलांग, पुणे और नागपुर में CBI के नवनिर्मित कार्यालय परिसरों का भी शुभारम्भ किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दौरान कहा कि, आज नए कार्यालयों का शुभारंभ CBI को कार्य करने में और सहायता प्रदान करेगा। केंद्रीय जांच एजेंसी की जांच की मांग के लिए तो आंदोलन तक किए जाते हैं, लोग कहते हैं कि मामले को CBI को दे दें। न्याय, इंसाफ के ब्रैंड के तौर CBI का नाम सबकी जुबान पर है। जिन्होंने भी केंद्रीय जांच एजेंसी में योगदान दिया वे बधाई के पात्र हैं।
भ्रष्टाचार में युवाओं के सपने बलि चढ़ते हैं: PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दौरान कहा कि, CBI ने 60 साल का सफर पूरा किया है। जनता का विश्वास जीतना आसान नहीं होता है। CBI के प्रति लोगों के मन में विश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि, CBI की मुख्य जिम्मेदारी भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाने की है। भ्रष्टाचार लोकतंत्र और न्याय के बीच का सबसे बड़ा रोड़ा है। भ्रष्टाचार लोकतंत्र को फलने-फूलने नहीं देता। भ्रष्टाचार कई अपराधों को जन्म देता है। भ्रष्टाचार में युवाओं के सपने बलि चढ़ते हैं।
कोई भी भ्रष्टाचारी बचना नहीं चाहिए: प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि, सीबीआई जैसे पेशेवर और कुशल संस्थानों के बिना भारत आगे नहीं बढ़ सकता। बैंक धोखाधड़ी से लेकर वन्य जीवन संबंधी घोटाले तक सीबीआई का कार्यक्षेत्र कई गुना बढ़ गया है लेकिन सीबीआई की मुख्य जिम्मेदारी देश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाना है। उन्होंने आगे कहा कि, आपको (CBI) कहीं पर भी रुकने की ज़रूरत नहीं है। मैं जानता हूं आप जिनके खिलाफ एक्शन ले रहे हैं। वे बेहद ताकतवर लोग हैं, सालों तक वे सरकार और सिस्टम का हिस्सा रहे हैं। आज भी वे कई जगह किसी राज्य में सत्ता का हिस्सा हैं लेकिन आपको अपने काम पर फोकस रखना है कोई भी भ्रष्टाचारी बचना नहीं चाहिए।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि, 10 साल पहले ज्यादा से ज्यादा भ्रष्टाचार करने की होड़ लगी थी। उस दौरान बड़े-बड़े घोटाले हुए लेकिन आरोपी डरे नहीं क्योंकि सिस्टम उनके साथ खड़ा था। 2014 के बाद हमने भ्रष्टाचार, कालेधन के खिलाफ मिशन मोड में काम किया।