दिल्ली सहित कई राज्यों के लोगों को जल्द मिलेगा गर्म लू से छुटकारा

31 मई से लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है और लू का कहर कम हो सकता है।

0
7

दिल्ली और उत्तर मध्य भारत के लोगों के लिए राहत की खबर सामने आई है। जल्द ही लोगों को गर्म लू से छुटकारा मिल सकता है। मौसम विभाग के प्रमुख मृत्युंजय मोहापात्रा ने कहा है कि तीन दिन के बाद लू से राहत मिलने के आसार है। इस आधार पर 31 मई से लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है और लू का कहर कम हो सकता है।

रेमल तूफान के कारण देश के पूर्वी इलाकों में बारिश हो रही है। इससे लोगों को दूसरी परेशानी जरूर हुई हैं, लेकिन तापमान में कमी आई है। हालांकि, उत्तर और मध्य भारत के अधिकतर राज्यों में गर्मी का कहर चरम पर है। राजस्थान में कई इलाकों पर अधिकतम तापमान 50 डिग्री के पार जा रहा है। ऐसे में मौसम विभाग ने तापमान में कमी को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है। उम्मीद लगाई जा रही है कि जून में मानसून आने के बाद ही गर्मी का कहर कम होगा।

मौसम विभाग ने दिल्ली में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 2.6 डिग्री अधिक है। राजधानी में सुबह 8:30 बजे सापेक्षिक आर्द्रता का स्तर 48 प्रतिशत दर्ज किया गया।