नरेंद्र मोदी फ्रांस के बैस्टिल डे परेड में होंगे शामिल

दोनों देशों के रणनीतिक संबंधों के इस पड़ाव के पूरे होने के मौके पर भारतीय सुरक्षा बलों का एक दल फ्रांस की इस सैन्य परेड में शामिल होगा।

0
41

भारत और फ्रांस के बीच द्विपक्षीय संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। अब खबर आई है कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) जुलाई में फ्रांस का दौरा करेंगे। इस दौरान वह फ्रांस की सबसे बड़ी और सबसे पुरानी सैन्य परेड बैस्टिल डे परेड (Bastille Day Parade) में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। भारतीय सेना का एक दल भी इस परेड में शामिल होगा।

भारत और फ्रांस के रणनीतिक संबंधों को 25 साल पूरे हो रहे हैं। यही वजह है कि, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों (Emmanuel Macron) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) को हर साल 14 जुलाई को होने वाली बैस्टिल डे परेड (Bastille Day Parade) में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने का निमंत्रण दिया था, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वीकार कर लिया है।

दोनों देशों के रणनीतिक संबंधों के इस पड़ाव के पूरे होने के मौके पर भारतीय सुरक्षा बलों का भी एक दल फ्रांस की इस सैन्य परेड में शामिल होगा। भारत और फ्रांस रणनीतिक, सांस्कृतिक, वैज्ञानिक, अकादमिक और आर्थिक क्षेत्र में सहयोग बढ़ा रहे हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह फ्रांस दौरा दोनों देशों के संबंधों के लिए काफी अहम माना जा रहा है।

जाने क्या है बैस्टिल डे परेड?

बैस्टिल डे परेड (Bastille Day Parade) फ्रांस के इतिहास में एक महत्वपूर्ण घटना को लेकर होती है। यह 14 जुलाई, 1789 को बैस्टिल (एक सैन्य किले और राजनीतिक जेल का प्रतीक) के पतन से जुड़ा है। बैस्टिल तब राजशाही से जुड़ा था। फ्रांस इस दिन को राष्ट्रीय दिवस के रूप में मनाता है और परेड के दौरान सैन्य उपलब्धियों का जश्न मनाया जाता है। बता दें कि, फ्रांस भारत के सशस्त्रबलों को आधुनिक बनाने के प्रयासों में एक महत्वपूर्ण सहयोगी है।