MP Election: पांच साल में दोगुनी हुई विधायक रामलाल की संपत्ति

हाल ही में दिए गए शपथ पत्र 2023 के अनुसार विधायक मालवीय की चल-अचल संपत्ति का मूल्य तीन करोड़ 79 लाख 57 हजार ही दर्शाया है।

0
114
MP Election

घट्टिया विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी रामलाल मालवीय ने अपना नामांकन पत्र जमा किया। नामांकन पत्र के साथ शामिल शपथ पत्र के अनुसार पांच साल बाद चल-अचल संपत्ति में दो करोड़ 78 लाख रुपये की बढ़ोतरी हुई है। पांच साल पहले तक एक भी वाहन नहीं था। मालवीय के पास अब दो कारें हैं जिनकी कीमत लाखों रुपये है।

विधानसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 215 घट्टिया से रामलाल मालवीय ने नामांकन पत्र जमा किया है। हाल ही में दिए गए शपथ पत्र 2023 के अनुसार विधायक मालवीय की चल-अचल संपत्ति का मूल्य तीन करोड़ 79 लाख 57 हजार ही दर्शाया है। 2018 के दौरान दिए गए शपथ पत्र में चल-अचल संपत्ति का मूल्य एक करोड़ 44 लाख से अधिक बताया गया था। पांच वर्ष बाद करीब दो करोड़ 78 लाख रुपये की संपत्ति बढ़ गई है। हालांकि, पांच वर्ष बाद मालवीय की विभिन्न बैंकों से ऋण के रूप में देनदारियां भी 32 लाख 12 हजार से बढ़कर एक करोड़ 15 लाख पर पहुंच गई है।

इसी तरह 2018 में मालवीय की वार्षिक आय छह लाख दो हजार थी। 2023 में वार्षिक आय 13 लाख 35 हजार के पार पहुंच गई है। बताया जाता है कि विधायक मालवीय ने 2018 में उनके पास कोई वाहन नहीं होने की जानकारी दी थी।

अब मालवीय के पास दो वाहन इनोवा क्रिस्टा और ह्युंडई वेन्यू कीमत 41 लाख 50 हजार रुपए है। मालवीय के पास पांच साल पहले तक पांच तोला सोना कीमत एक लाख 50 हजार रुपए और पत्नी के पास 10 तोला सोना मूल्य तीन लाख और चार किलो चांदी मूल्य दो लाख की थी। 2023 में मालवीय के पास 10 तोला सोना कीमत छह लाख 20 हजार और पत्नी के पास 15 तोला सोना और चार किलो चांदी मूल्य 12 लाख 30 हजार रुपए बताई है। मालवीय व पत्नी की ज्वेलरी की कुल कीमत 18 लाख 50 हजार है।