मौसम विभाग: तापमान बढ़ने के साथ कई राज्यों में हो सकती हल्की बारिश

पश्चिम बंगाल, बिहार और आंध्र प्रदेश में भयंकर रूप से तापमान बढ़ने की संभावना व्यक्त की है और विभाग ने इन राज्यों में उच्च तापमान के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

0
122

मौसम विभाग (Meteorological Department) ने तीन राज्यों, पश्चिम बंगाल, बिहार और आंध्र प्रदेश में भयंकर रूप से तापमान बढ़ने की संभावना व्यक्त की है और विभाग ने इन राज्यों में उच्च तापमान के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और कहा कि चार अन्य राज्यों – सिक्किम, झारखंड, ओडिशा और उत्तर प्रदेश में भी हीटवेव की स्थिति बनी रहने की संभावना है। जिसमें तापमान तेजी से बढ़ सकता है। बता दें कि, देश भर में सामान्य से अधिक गर्मी ने जोर पकड़ना शुरू कर दिया है।

उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में दो दिन तक लू की स्थिति बनी रहेगी

मौसम विज्ञान विभाग (Meteorological Department) ने सोमवार को कहा कि, पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में अगले चार दिन तक और देश के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में दो दिन तक लू की स्थिति बनी रहेगी। बंगाल और बिहार के मैदानी हिस्से में लगातार चार दिन तक लू की स्थिति बनी रह सकती है। सिक्किम, ओडिशा और झारखंड में भी अगले दो से तीन दिन तक भीषण गर्मी का दौर बना रह सकता है।

विभाग ने कहा है कि, 18 अप्रैल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में भीषण गर्मी पड़ने का अनुमान है। पूर्वी उत्तर प्रदेश भी 18-19 अप्रैल को अत्यधिक गर्मी से प्रभावित हो सकता है। बंगाल के मैदानी हिस्से में पिछले छह दिन से लू की स्थिति बनी हुई है। तटीय आंध्र प्रदेश में चार दिन से और बिहार में तीन दिन से ऐसी स्थिति बनी हुई है।

चिलचिलाती गर्मी ने लोगो को किया बेहाल, सरकार ने स्कूल बंद करने का दिया आदेश

पूर्व और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। पिछले छह दिनों से गंगीय पश्चिम बंगाल के अलग-अलग इलाकों में लू की स्थिति दर्ज की गई है। सोमवार को, भारत में सबसे गर्म स्थानों में तेलंगाना में जयशंकर भूपालपल्ली में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री, उत्तर प्रदेश में सुल्तानपुर में 43.4 डिग्री सेल्सियस और बिहार में सुपौल में 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

यूपी में प्रयागराज, झांसी, कानपुर और आगरा, बिहार में पटना और पूर्वी चंपारण और पंजाब के बठिंडा में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। बंगाल और ओडिशा प्रशासन ने सोमवार को स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया और त्रिपुरा सरकार ने बच्चों के जोखिम को कम करने के लिए सुबह की कक्षाएं शुरू कीं।आईएमडी ने पश्चिम बंगाल के 18 जिलों के लिए लू की चेतावनी जारी की है। राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि, ‘अप्रैल में इतनी गर्मी कभी नहीं देखी।’ इसी के साथ उन्होंने लोगों को दोपहर से शाम 4 बजे के बीच घर के अंदर रहने की सलाह दी है।

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है

मौसम विज्ञान विभाग (Meteorological Department) ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि, भारत के कुछ हिस्सों को मंगलवार को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और पंजाब में एक पश्चिमी विक्षोभ के आने से कुछ राहत मिलेगी। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बने पश्चिमी विक्षोभ के चलते मंगलवार से उत्तर-पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के अलग-अलग क्षेत्रों में 18 से 20 अप्रैल के दौरान हल्की बारिश होने की संभावना है। 18 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है। वहीं, हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखंड में 18-19 अप्रैल को भारी बारिश होने की संभावना है, कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है।