Mallikarjun Kharge ने 2024 लोकसभा चुनाव को लेकर कही ये बड़ी बात

खरगे ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी ने कई बार कहा है, "मैं अकेला आदमी हूं, जो देश का सामना कर सकता हूं।

0
74

नागालैंड (Nagaland) में एक चुनावी रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) ने कहा कि, 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस विपक्षी गठबंधन का नेतृत्व करेगी और भारतीय जनता पार्टी को हरा देगी। इसके लिए सभी विपक्षी दलों के साथ बातचीत जारी है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई बार कहा है, “मैं अकेला आदमी हूं, जो देश का सामना कर सकता हूं। कोई अन्य लोग मुझे छू नहीं सकते।” कोई भी लोकतांत्रिक व्यक्ति ऐसा नहीं कहता। आप लोकतंत्र में हैं, आपको याद रखना चाहिए कि आप निरंकुश नहीं हैं। आप तानाशाह नहीं हैं। आप लोगों द्वारा चुने गए हैं और लोग आपको सबक सिखाएंगे।

अन्य दलों के साथ हम बहुमत प्राप्त करेंगे: खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) ने कहा कि, “साल 2024 लोकसभा चुनाव में केंद्र में गठबंधन सरकार आएगी और कांग्रेस नेतृत्व करेगी। हम अन्य पार्टियों से बात कर रहे हैं, नहीं तो लोकतंत्र और संविधान चला जाएगा।”

उन्होंने कहा कि, “इसलिए हर पार्टी को हम कॉल कर रहे हैं, हम बात कर रहे हैं। हम अपने विचार साझा कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी को बहुमत नहीं मिलेगा। अन्य दलों के साथ हम बहुमत प्राप्त करेंगे। चाहे 100 मोदी और शाह आ जाएं।”

वे सोचते हैं कि, उन्हें 2014 में ही स्वतंत्रता मिली थी: मल्लिकार्जुन

उन्होंने आगे कहा कि, हमारे लोगों ने आजादी के लिए अपनी जान दी है। बीजेपी के लोग मुझे बताएं कि क्या किसी बीजेपी नेता को आजादी के लिए फांसी दी गई है, या आजादी के लिए लड़ा है? जेल गया है? इसके बजाय, एक आदमी जिसने आजादी दिलाई, महात्मा गांधी उन्होंने उसे मार डाला और ऐसे लोग देशभक्ति की बातें कर रहे हैं। देश की एकता के लिए, इंदिरा गांधी ने अपनी जान दी। देश की एकता के लिए, राजीव गांधी ने अपनी जान दी। वे सोचते हैं कि, उन्हें 2014 में ही स्वतंत्रता मिली थी। उन्हें 1947 याद नहीं है।”