Maharashtra: दो बसों का आमने-सामने भिड़ंत, छह लोगो की मौत

इस हादसे में अब तक छह यात्रियों की मौत की खबर है। वहीं 20 से 25 यात्री घायल हैं जिसमें 5 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

0
38

महाराष्ट्र (Maharashtra) से एक दर्दनाक बस हादसे की खबर सामने आई है। यहां बुलढाणा (Buldhana) जिले के मलकापुर शहर के पास नेशनल हाईवे-6 (National Highway-6) पर आज सुबह यात्रियों से भरी ट्रैवल बसों की आमने-सामने से भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में अब तक छह यात्रियों की मौत की खबर है। वहीं 20 से 25 यात्री घायल हैं जिसमें 5 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना सुबह 3 बजे मलकापुर शहर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई है। इसमें से एक बस अमरनाथ यात्रा से लौट रहे यात्रियों से भरी हुई थी और हिंगोली की ओर जा रही थी, वहीं दूसरी बस नागपुर से नासिक जा रही थी।

यह दर्दनाक हादसा सुबह दो यात्री बसों के आमने-सामने टकराने से हुई है। इस टक्कर में दोनों बसों के सामने का हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया। इस हादसे में 6 लोगों की मौत की खबर है तो वहीं चार-पांच लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इसके अलावा कई यात्री जख्मी बताए जा रहे हैं।

घटना को लेकर मलकापुर पुलिस थाने के थानेदार अशोक त्रिपाठी ने बताया कि एक बस अमरनाथ तीर्थ यात्रा कर हिंगोली जा रही थी तो दूसरी बस नागपुर से नासिक जा रही थी। ये हादसा तड़के 3:00 बजे हुआ है।

थानेदार अशोक त्रिपाठी ने बताया कि जैसे ही दोनों बसें आपस में टकराईं तो अफरा तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और सभी यात्रियों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है।