महाराष्ट्र: भाजपा विधायक ने शिंदे गुट के नेता पर दागी गोली

उल्हासनगर में घटी इस घटना में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना नेता को बीजेपी विधायक ने गोली मारी है।

0
38

महाराष्ट्र से एक बड़ी खबर सामने आयी है। यहाँ के ठाणे जिले में एक पुलिस स्टेशन के अंदर ही गोलीबारी करने का मामला सामने आया है। उल्हासनगर में घटी इस घटना में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना नेता को बीजेपी विधायक ने गोली मारी है।

शिवसेना नेता महेश गायकवाड़ को घायल करने के आरोप में बीजेपी विधायक को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के साथ 3 और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों नेताओं में कुछ दिनों से मतभेद था। इसके बाद वे दोनों पुलिस स्टेशन में शिकायत करने आए थे, जहां बीजेपी विधायक गणपत गायकवाड़ ने महेश गायकवाड़ और उनके साथियों पर गोली चला दी।

घायल शिवसेना विधायक महेश गायकवाड़ को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके हालात की जानकारी अभी नहीं मिली है। घटना कथित तौर पर शुक्रवार रात उल्हासनगर के हिल लाइन पुलिस स्टेशन में हुई। एक प्रत्यक्षदर्शी ने मीडिया को बताया कि महेश गायकवाड़ और उनके एक समर्थक को पांच गोलियां लगीं।

रिपोर्टों के मुताबिक, बीजेपी विधायक गणपत गायकवाड़ और शहर प्रमुख महेश गायकवाड़ शुक्रवार को हिल लाइन पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक अनिल जगताप के हॉल में बातचीत कर रहे थे, तभी भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ के समर्थकों ने झड़प की और महेश गायकवाड़ पर गोलियां चला दीं। घटना में शिवसेना विधायक महेश गायकवाड़ बुरी तरह घायल हो गए हैं और उनका इलाज ठाणे के ज्यूपिटर अस्पताल में चल रहा है।

यह है पूरा मामला

महेश गायकवाड़ और गणपत गायकवाड़ के बीच किसी बात को लेकर मतभेद हो गया और वे शिकायत करने के लिए पुलिस स्टेशन आए थे। उसी समय उनके बीच बातचीत हुई और गणपत गायकवाड़ ने महेश गायकवाड़ और उनके लोगों पर गोली चला दी। डीसीपी सुधाकर पठारे ने कहा कि जांच अभी चल रही है।

इस बीच, शिवसेना (यूबीटी) नेता आनंद दुबे ने ‘3 इंजन सरकार’ को निशाने पर लेते हुए कहा कि ‘यह फायरिंग पुलिस स्टेशन के अंदर हुई है। जिसने गोली चलाई वह भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ थे और जिसे गोली लगी है वो शिवसेना शिंदे गुट के नेता महेश गायकवाड़ थे। उन्होंने कहा कि ये अफसोसजनक है कि दो पार्टियों के नेता लड़ रहे हैं और एक-दूसरे को मारने की कोशिश कर रहे हैं।’