लाल डायरी बना चर्चा का विषय, जिनके घर मिली वो गहलोत के करीबी

राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने कहा कि लाल डायरी में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सरकार के वित्तीय लेनदेन का विवरण है।

0
47

राजस्थान में इस वक़्त लाल डायरी का चर्चा अहम् मुद्दा बन गया है। जहाँ हर इस लाल डायरी की चर्चा हो रही है। वही इसकी वजह बने हैं गहलोत सरकार से बर्खास्त मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा। राजेंद्र सिंह गुढ़ा को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 22 जुलाई शुक्रवार को मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया था।

बता दें कि राजेंद्र गुढ़ा सोमवार को सदन में एक लाल डायरी विधानसभा अध्यक्ष को पेश करना चाहते थे। राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने कहा कि लाल डायरी में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सरकार के वित्तीय लेनदेन का विवरण है। उन्होंने कहा कि मुझसे वो लाल डायरी छीन ली गई, जिसमें बहुत से काले सच्च छिपे हैं।

लाल डायरी मामले में आया नया मोड़

इस बीच लाल डायरी मामले में एक नया मोड़ आ गया है। जिनके घर पर यह डायरी मिली है वो सीएम अशोक गहलोत के करीबी धर्मेंद्र राठौड़ का घर है। अब उन्हीं RTDC चैयरमैन धर्मेंद्र राठौड़ के पैर में फ्रैक्चर हुआ है जिसके बाद वह एसएमएस अस्पताल के ट्रामा सेंटर पहुंचे हैं। अस्पताल से वीडियो सामने आया है जिसमें धर्मेंद्र राठौड़ के पैर में प्लास्टर चढ़ा दिख रहा है। बता दें कि दुर्घटना के समय राठौड़ मुख्यमंत्री आवास पर ही मौजूद थे। लाल डायरी प्रकरण में धर्मेंद्र राठौड़ का नाम अहम है।

धर्मेंद्र राठौड़ रहने वाले जयपुर के ही हैं लेकिन राजनीतिक रूप से अलवर जिले में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने 2 बार अलवर की बानसूर सीट से विधानसभा चुनाव का टिकट मांगा लेकिन मिला नहीं। वह अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के सदस्य भी हैं और गहलोत सरकार के पिछले कार्यकाल में राजस्थान राज्य बीज निगम के चेयरमैन थे। अशोक गहलोत के बहुत करीबी लोगों में से एक हैं और होटल वगैरह का काम करते हैं। बताया जाता है कि पूर्वी राजस्थान की राजनीति में गहलोत के बड़े मददगार हैं।

जाने कहा से आया ये लाल डायरी का जिक्र?

पिछले शुक्रवार को राजस्थान सरकार के मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने विधानसभा में अपनी ही सरकार को घेरना शुरू कर दिया। राजस्थान में न्यूनतम आय गारंटी विधेयक 2023 पर चर्चा हो रही थी। इस बीच, कांग्रेस के विधायकों ने भाजपा पर निशाना साधते हुए मणिपुर हिंसा को लेकर बोले। उस दौरान मंत्री राजेंद्र गुढ़ा भी सदन में मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने अपनी ही सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा, ‘सच्चाई ये है कि हम महिलाओं की सुरक्षा में असफल हो गए और राजस्थान में जिस तरह से महिलाओं पर अत्याचार बढ़े हैं, ऐसे में हमें मणिपुर की बजाय अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।’

राजेंद्र गुढ़ा ने कही ये बात

राजेंद्र गुढ़ा के तीखे हमलों से राजस्थान कांग्रेस की सरकार असहज हो गई। वही अशोक गहलोत ने राजेंद्र गुढ़ा को मंत्री पद से बर्खास्त कर दिया। मंत्री पद से हटाए जाने के बाद गुढ़ा मीडिया के सामने आए। उन्होंने कहा कि मुझे सच बोलने की सजा मिली है। महिलाओं के खिलाफ अपराध में राजस्थान नंबर वन है। मैंने क्या गलत कहा? जनता मेरे साथ रहेगी और मैं उनके लिए काम करता रहूंगा। चाहे वह (अशोक गहलोत) मुझे कैबिनेट से हटाएं या जेल भेज दें। मैं जब तक जिंदा रहूंगा, बोलता रहूंगा। मैं अशोक गहलोत से इस मुद्दे पर कुछ कहना चाहता था। राज्य में पुलिस भ्रष्ट है। वे लोगों से रिश्वत लेने में व्यस्त हैं।

इसके बाद सोमवार को जब फिर विधानसभा में राजेंद्र गुढ़ा पहुंचे तो जमकर हंगामा हुआ। पहले उन्हें विधानसभा में घुसने नहीं दिया गया, बाद में किसी तरह अंदर पहुंचे तो स्पीकर के सामने उन्होंने लाल रंग की एक डायरी लहराना शुरू कर दी। इसके बाद स्पीकर सीपी जोशी ने मार्शलों को बुलाकर उन्हें बाहर करवा दिया।

जाने लाल डायरी में क्या है?

राजेंद्र गुढ़ा ने मीडिया से इसके बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने दावा किया कि इस डायरी में कांग्रेस के नेताओं के काले कारनामे की पूरी जानकारी है। किस तरह से कौन सा नेता अपने ऊपर फिल्में बनवा रहा है? राज्यसभा में कांग्रेस ने विधायकों को क्या-क्या और कैसे दिया? क्रिकेट के चुनाव में अशोक गहलोत ने किस-किसको पैसे दिए? कहां-कहां से वसूली होती है? गुढ़ा के मुताबिक, डायरी का एक हिस्सा कांग्रेस के विधायकों और मंत्रियों ने सदन के अंदर छीन लिया। हालांकि, दूसरा हिस्सा अभी भी गुढ़ा के पास है।

शेखावत ने कांग्रेस पर साधा निशाना

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मैं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से पूछना चाहता हूं कि यह ‘लाल डायरी’ क्या है? इसे लेकर सरकार में बेचैनी क्यों है?

गहलोत ने कही ये बात

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘पीएम को लाल डायरी की बजाय लाल टमाटर और लाल सिलेंडर पर बात करनी चाहिए। लाल डायरी जैसा कुछ भी नहीं है। आने वाले समय में उनको लाल डायरी दिखा दी जाएगी।’