कौशांबी में एक तरफा मोहब्बत के रास्ते में बाधा बनने में दूधिया की हुई थी हत्या

0
90

Kaushambi: यूपी के कौशांबी (Kaushambi) में पांच दिन पहले दूधिया हत्याकांड का एसओजी एवं करारी पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। दुधिया की हत्या की मुख्य वजह एक तरफा प्यार के रास्ते में बाधा बनना था। एक सिरफिरे आशिक ने अपने साथियों के साथ मिलकर दुधिया को मौत के घाट उतारने की योजना बनाई थी।

घटना को अंजाम देने के पहले हत्यारों ने छक कर शराब पी। इसके बाद बिरयानी भी खाई थी। नशे में धुत मुख्य आरोपी सोनू अपने दो साथियों के साथ 24 जनवरी को करारी थाना क्षेत्र के कुतुब आलमपुर गांव के समीप पहुँचे। रात तकरीबन 8 बजे मृतक बलराम यादव दूध बेंचकर घर जा रहा था। गाँव के बाहर ही सोनू ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद तीनों फरार हो गए थे।

पुलिस ने सह आरोपी विजय यादव एवं मनीष कौसर को गिरफ्तार कर लिया। जबकि मुख्य आरोपी सोनू यादव फरार है। एसपी ने उसके सिर पर 25 हजार का इनाम घोषित कर दिया।

क्या थी घटना

मंझनपुर क्षेत्राधिकारी योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि थाना करारी अंतर्गत 24 जनवरी को रात 8:00 बजे के लगभग बलराम यादव की हत्या हुई थी। उसके संबंध में सोनू यादव एवं अन्य के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया था। विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया है कि सोनू का एक युवती से प्रेम संबंध था। लड़की से सिर्फ बातचीत होती थी। लेकिन लड़की बातचीत का विरोध करती थी। उसे फोन करने के लिए मना करती थी, फिर भी वह लड़की से बातचीत करने के लिए दबाव बनाता था। लड़की के परिवार वालों ने बलराम यादव से कहा कि सोनू आपके गाँव का है। आप उसे मना कर दीजिए। बलराम ने उसे मना किया और कई बार डाँट फटकार भी लगाई थी, जिससे वह मृतक बलराम से खुन्नस रखता था। इसी को लेकर वह 24 तारीख को अपने चार साथियों को लेकर आया था। पहले उन लोगों ने बिरयानी खाई और दारू भी पी। उन लोगों को बलराम यादव के आने का रास्ता पता था। इसके अलावा समय भी पता था। वहां पहुँचने के बाद तमंचे से उनको गोली मार दी गई थी। मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई थी। इस संबंध में 2 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। हत्या के दौरान यह लोग मौजूद थे। हत्या में इनकी भी भूमिका थी। मुख्य अभियुक्त की खोज की जा रही है। उसके ऊपर 25 हजार का इनाम भी घोषित किया गया है।