महाराष्ट्र के ठाणे में कंस्ट्रक्शन साइट पर भीषण हादसा, 17 लोगों की मौत

पुल तैयार करने के लिए गार्डर मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक करीब 100 फीट की ऊंचाई से यह मशीन नीचे की ओर गिर गई।

0
40

महाराष्ट्र के ठाणे में कंस्ट्रक्शन साइट पर दर्दनाक हादसा हो गया है। जानकारी मिली है कि इस हादसे में तीन लोग घायल और 17 लोगों की मौत हो गई है। यह भीषण हादसा ठाणे के शाहपुर के पास एक गर्डर लॉन्चिंग मशीन गिरने से हुआ है। खबर है कि समृद्धि एक्सप्रेस हाईवे (Samriddhi Express Highway) निर्माण के दौरान यह हादसा हुआ है। समृद्धि एक्सप्रेस हाईवे (Samriddhi Express Highway) के तीसरे चरण के निर्माण में इस मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा था।

बताया जा रहा है कि यह हादसा देर रात हुआ। जिसके बाद एनडीआरएफ की दो टीमों को राहत और बचाव के काम में लगाया गया। अब तक घटनास्थल से 17 शव निकाले जा चुके हैं। वहीं हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को शाहपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ भी सकती है। जानकारी के मुताबिक कुछ अन्य लोगों मलबे में दबे होने की आशंका है।

जानकारी के मुताबिक पुल तैयार करने के लिए गार्डर मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक करीब 100 फीट की ऊंचाई से यह मशीन नीचे की ओर गिर गई। गर्डर लॉन्चिंग मशीन का इस्तेमाल पुल के निर्माण में किया जाता है। हाईवे और रेल पुल के निर्माण में इसे उपयोग में लाया जाता है। बता दें कि समृद्धि हाइवे का निर्माण महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम द्वारा किया जा रहा है। यह मुंबई और नागपुर को जोड़नेवाला 701 किमी लंबा एक्सप्रेस वे है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के प्रति अपनी शोक संवेदना जताई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के लिए 2-2 लाख रुपये और घायलों के इलाज के लिए 50-50 हजार रुपए अनुग्रह राशि देने का घोषणा किया है। यह राशि प्रधानमंत्री राहत कोष से दी जाएगी। उधर, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं।