हरदीप सिंह पुरी ने केजरीवाल और उनकी पत्‍नी पर मुख्‍यमंत्री पद को लेकर कसा तंज

हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि केजरीवाल की कुर्सी जाना अब वक्‍त की बात है और मैडम उस कुर्सी पर बैठने की तैयारी कर रही हैं।

0
19

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आज जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी पत्‍नी सुनीता केजरीवाल पर मुख्‍यमंत्री पद को लेकर तंज कसा है। हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि केजरीवाल की कुर्सी जाना अब वक्‍त की बात है और मैडम उस कुर्सी पर बैठने की तैयारी कर रही हैं। आवास और शहरी मामलों के मंत्री ने आज दिल्ली में संवाददाताओं से कहा, ‘केजरीवाल की पत्नी न केवल राजस्व सेवा में सहकर्मी थीं। उन्होंने सभी को किनारे कर दिया है। अब मैडम शायद शीर्ष पद के लिए तैयारी कर रही हैं।’

इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, ‘केजरीवाल ने नौ बार समन का जवाब नहीं दिया।फिर प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी उनके घर गए। केजरीवाल का समय बहुत सीमित है।’

केजरीवाल को दिल्ली शराब नीति मामले में कथित मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह नीति अब रद्द की जा चुकी है। ईडी को उनकी हिरासत कल चार दिन के लिए बढ़ा दी गई। साथ ही केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस के टैक्‍स को लेकर जारी नोटिस का विरोध करने पर आलोचना भी की है।