गोरखपुर: प्राथमिक विद्यालय की रसोई घर में घुसा सांप, देखकर घबराये विद्यार्थी

ग्रामीणों की मदद से सपेरे को बुलाकर सांप को पकड़ा गया तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।

0
43

Gorakhpur News: यूपी के गोरखपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां गोला क्षेत्र के गोपलापुर प्राथमिक विद्यालय की रसोई घर में बुधवार सुबह अचानक गेहूंवन सांप निकल आया। इससे बच्चे डर गए। जानकारी होने पर आसपास के लोग भी जुट गए। ग्रामीणों की मदद से सपेरे को बुलाकर सांप को पकड़ा गया तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।

बताया जा रहा है कि बुधवार की सुबह करीब नौ बजे विद्यालय परिसर में बच्चे खेल रहे थे। रसोईया मालती देवी भोजन बनाने के लिए बर्तन धोने रसोई घर में गईं। जैसे ही उन्होंने बर्तन निकाला तभी उसमें लंबा सा सांप दिखा। यह देख चिल्लाते हुए वह बाहर की ओर भागीं।

जानकारी होने पर प्रधानाध्यापक राहुल कुमार ने बच्चों को अलर्ट करते हुए उन्हें एक किनारे कर दिया। सूचना मिलने पर गांव के लोग भी जुट गए। शिक्षकों ने ग्रामीणों की मदद से सपेरे को बुलाया। जहाँ सपेरे ने किसी तरह से सांप को पकड़कर उसे अपने काबू में किया।