Ghaziabad: दहेज की मांग पूरी न होने पर नहीं आई बरात

दुल्हन पक्ष ने शादी में अब तक सात लाख रुपये का खर्च होने की बात कही है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

0
49
Uttar Pradesh

लोनी के बॉर्डर थाना क्षेत्र स्थित एक कॉलोनी में सोमवार को दूल्हा पक्ष दहेज की मांग पूरी न होने पर बारात लेकर नहीं आया। दुल्हन पक्ष ने बॉर्डर थाने में दूल्हा समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। दुल्हन पक्ष ने शादी में अब तक सात लाख रुपये का खर्च होने की बात कही है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

लड़की के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व बेटी का रिश्ता गुरुग्राम के गढ़ी रऊरपुरा रेलवे स्टेशन टावर कॉलोनी के सन्नी पांचाल से तय किया था। गोद भराई की रस्म से लेकर कई अन्य रस्में हुईं, जिसमें करीब सात लाख रुपये खर्च हुए। सोमवार को गुरुग्राम से बरात आनी थी।

आरोप है कि लड़का पक्ष दहेज की मांग करने लगा। लड़की के पिता से करीब पांच लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की गई। समय पर मांग पूरी न होने पर बरात लेकर नहीं आए। लड़के के पिता से फोन पर संपर्क किया तो उन्होंने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी और बरात लाने से इंकार कर दिया। लड़की के पिता का आरोप है कि जिस लड़के से शादी होनी थी वह शादी के दिन किसी अन्य लड़की के साथ भाग गया।

एसीपी विवेक चंद्र यादव ने बताया कि परिजन की तहरीर पर सन्नी पांचाल, सुलेख चंद पांचाल, मनीषा, मोनू पांचाल और लड़के की मां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।