Priyanka Gandhi के खिलाफ एफआईआर दर्ज, कांग्रेस ने बीजेपी पर साधा निशाना

कांग्रेस ने कहा, अगर भाजपा सच के साथ होती तो वे इसका सामने से जवाब देती, न कि हमेशा की तरह पुलिस के पीछे छिपकर सच्चाई को दबाने की कोशिश करती।

0
33

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) के खिलाफ FIR दर्ज होने पर पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा, ‘बीजेपी को आगामी मध्य प्रदेश चुनाव में अपनी हार साफ नजर आ रही है। सामने दिख रही हार से पार्टी पूरी तरह घबरा और बौखला गई है। इस बौखलाहट का ही नतीजा देखिए कि जब प्रियंका गांधी ने मध्य प्रदेश में चल रहे 50% कमीशन के गोरखधंधे के खिलाफ आवाज उठाई, तो अपने भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए बीजेपी सरकार ने उनके खिलाफ 41 जिलों में FIR दर्ज करवा दी।’

कांग्रेस ने कहा, ‘अगर भाजपा सच के साथ होती तो वे इसका सामने से जवाब देती, न कि हमेशा की तरह पुलिस के पीछे छिपकर सच्चाई को दबाने की कोशिश करती। लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं। सच बहुत जल्द जनता के सामने होगा। जनता आपको माफ नहीं करने वाली। विनाश काले, विपरीत बुद्धि।’

यह है पूरा मामला?

दरअसल, प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को ट्विटर पर दावा किया था कि मध्य प्रदेश के ठेकेदारों के एक संघ ने उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर शिकायत की है कि उन्हें 50 प्रतिशत कमीशन देने के बाद ही भुगतान मिलता है। उन्होंने आरोप लगाया था, ‘कर्नाटक की भ्रष्ट बीजेपी सरकार 40 प्रतिशत कमीशन वसूलती थी। मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के अपने ही रिकॉर्ड को तोड़कर आगे निकल गई है। कर्नाटक की जनता ने 40 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार को सत्ता से बाहर कर दिया अब मध्य प्रदेश की जनता 50 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार को सत्ता से हटाएगी।’

इस आरोप का जवाब देते हुए मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा (Narottam Mishra) ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस बिना किसी मुद्दे के घृणित मानसिकता के साथ राजनीति कर रही है। मंत्री ने दावा किया, प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने पहले राहुल गांधी से झूठ बुलवाया और अब प्रियंका गांधी से झूठा पोस्ट करवाया। प्रियंका जी, अपने पोस्ट में लगाए गए आरोपों का सबूत दें, अन्यथा हमारे पास (कानूनी) कार्रवाई के लिए सभी विकल्प खुले हैं।