दहशत में कर्मचारी: हथियार लेकर टीवी स्टूडियो में घुसे नकाबपोश

लाइव शो के दौरान ही कुछ बंदूकधारी अंदर घुस आए और लोगों को बन्दुक की नोक पर ले लिया।

0
30

इक्वाडोर के एक टीवी स्टूडियो में उस समय हड़कम्प मच गया, जब लाइव शो के दौरान ही कुछ बंदूकधारी अंदर घुस आए और लोगों को बन्दुक की नोक पर ले लिया। इससे स्टूडियो में काफी हंगामा मच गया। यह घटना मंगलवार की है। इस दौरान एक कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जा रहा था। तभी नकाबपोश बदमाश बंदूकों और विस्फोटकों के साथ एक समाचार चैनल के सेट में घुस गए।

वीडियो फुटेज में कई बंदूकधारी नज़र आ रहे हैं, जिन्होंने न्यूज चैनल में काम करने वाले कर्मचारियों को गन प्वाइंट पर ले लिया है और कई कर्मचारी डर के मारे सरेंडर की मुद्रा में जमीन पर लेट गए हैं।

हालांकि, गनीमत ये रही कि बंदूकधारियों ने स्टूडियो में गोली नहीं चलाई। मगर इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारियों को धमकी दी। इससे वह सभी सरेंडर कर गए और जमीन पर बैठ या लेट गए। इक्वाडोर के राष्ट्रीय पुलिस प्रमुख ने बताया कि सभी बंदूकधारियों को अरेस्ट कर लिया गया है।

पुलिस कमांडर सीजर जेपाटा ने टीवी चैनल ‘टेलीअमेजोनास’ को बताया कि अधिकारियों ने नकाबपोश बदमाशों की बंदूकें और विस्फोटक जब्त कर लिए हैं। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि कितने लोगों की गिरफ्तारी की गई है।

पुलिस को अभी इस घटना के कारण का पता नहीं चल पाया है। पकड़े गए बंदूकधारियों से पूछताछ की जा रही है। जेपाटा ने कहा, ‘इसे आतंकवादी घटना ही माना जाना चाहिए।’ इस बीच राष्ट्रपति डैनिएल नोबोआ की ओर से एक आदेश जारी कर कहा गया है कि दक्षिणी अमेरिकी देश में आंतरिक सशस्त्र संघर्ष चल रहा है। यह उसी का एक परिणाम है। उन्होंने सुरक्षाबलों को अधिक सतर्क रहने का आदेश दिया है।