बजट पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने समाजवादी पार्टी पर किया कटाक्ष

मुख्यमंत्री ने कहा, आज से 6 साल पहले उत्तर प्रदेश में जनता ने सबका साथ, सबका विश्वास के मूलमंत्र को अंगीकार करके सत्ता परिवर्तन किया।

0
69

विधानसभा मे बजट पर चर्चा के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने अपने सम्बोधन में कहा कि, मुझे बजट पर बात रखने का मौका दिया गया इसके लिए धन्यवाद। कुल 134 सदस्यों ने भाग लिया, विपक्ष के 83, प्रतिपक्ष के 51 सदस्यों ने भाग लिया। आज से 6 साल पहले उत्तर प्रदेश में जनता ने सबका साथ, सबका विश्वास के मूलमंत्र को अंगीकार करके सत्ता परिवर्तन किया।

छह सालों में प्रदेश का बजट का आकार दोगुना से ज्यादा बढ़ा: मुख्यमंत्री योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ योगी (Yogi Adityanath) ने कहा कि, साल 2017 से 2022 तक सरकार ने काम किया, 2022 मे फिर अवसर मिला। वित्त मंत्री ने सर्व समावेशी समग्र विकास की अवधारण आत्मनिर्भर बजट पेश किया। पिछले छह सालों में प्रदेश का बजट का आकार दोगुना से ज्यादा बढ़ा, 2023 का बजट 6.90 लाख करोड़ का है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि, ये उत्तर प्रदेश के आर्थिक विकास, जीडीपी, प्रगति को प्रदर्शित करता है, ये जनविश्वास की एक यात्रा है।

सरकार समस्याओं से मुँह मोड़ने वाली नहीं है: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, “सरकार समस्याओं से मुँह मोड़ने वाली नहीं, चुनौती स्वीकार करने वाली होनी चाहिए। जो भ्रष्टाचार पर ज़ीरो टोलरेन्स की नीति के साथ काम करे। कल नेता विरोधी दल ने जो कहा उन्हे उत्तर प्रदेश को पिछले पायदान पर धकेलने में अच्छा लग रहा था।” उन्होंने आगे ने कहा कि, “चुनाव के दौरान पार्टी द्वारा जो वादे किए गए उसे निभाया गया। 130 संकल्प में से 110 संकल्पों के लिए धनराशि की व्यवस्था की गई। इसके लिए 64 हजार 700 करोड़ राशि प्रस्तावित की है। पहले कई घोषणाएं होती थी पर पूरी नहीं होती थी। पिछली सरकारों में विकास बाधित होता था। योजनाओं की घोषणाएं हो जाती थीं लेकिन कभी पूरी नहीं होती थीं। योजनाओं के लिए बजट नहीं दिया जाता था। पूरे प्रदेश में लूटपाट मची हुई थी।”

रोजगार के लाखों अवसर उत्पन्न हुए है: मुख्यमंत्री

वही समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि, “हमने प्रदेश के एक-एक जिले का ध्यान रखते हुए वन डिस्ट्रिक वन प्रोडक्ट योजना चलाई, जिससे वहां रोजगार के लाखों अवसर उत्पन्न हुए और गरीबों को आत्मनिर्भर बनाया गया। वहीं पिछली समाजवादी पार्टी सरकार ने प्रदेश को माफियाओं के हवाले करते हुए वन डिस्ट्रिक वन माफिया योजना चलाई और प्रदेश को दंगों, हत्याओं और लूटमार के हवाले कर दिया।”

मुख्यमंत्री ने सपा पर कसा तंज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का काफी वर्णन किया। जहाँ नेता प्रतिपक्ष व सामजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसे। वही अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव (Shivpal Singh Yadav) ने कहा कि, “हम आपके संघर्षों का सम्मान करते हैं। आपके साथ अन्याय हुआ है।”

हमने लगभग -लगभग नब्बे फीसदी कार्य पूरा कर दिया था: शिवपाल यादव

मुख्यमंत्री ने सिंचाई योजना का व्यख्यान करते हुए अपनी सरकार में किए गए कार्य का वर्णन किया। जहाँ उन्हें बीच में ही टोकते हुए शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि, अगर हम हटाए न जाते तो योजना पूरी कर देते। हमने लगभग -लगभग नब्बे फीसदी कार्य पूरा कर दिया था। जिस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, “नागरिक को मालूम था कि, आप नहीं कर पाएंगे, इसलिए हमें चुना गया।” जिस पर शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि, “अगर हटाए न जाते तो पूरा कर देते।”

हम तीन साल तक आपसे संपर्क में रहे: शिवपाल सिंह

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, “हम तो जानते हैं कि आप विकास करना चाहते थे पर कार्य नहीं करने दिया गया। अगर हमारी तरफ होते तो अच्छा होता।” मुख्यमंत्री के इस बात पर शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि, हम तीन साल तक आपसे संपर्क में रहे। जिसपर योगी आदित्यनाथ बोले, “हम अब भी संपर्क में हैं।” मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि, अब किसी को आशंका नहीं होना चाहिए। उनके इस बात पर पुरे विधानसभा भवन में नेताओ के मुस्कुराहटो की गूंज उठ गई।