Delhi: एक तरफा प्यार में युवक ने युवती पर चाकू से किया हमला

घटना के दौरान ही आस पास के लोगों ने आरोपी को दबोच लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

0
9
Delhi

शास्त्री पार्क इलाके में एक तरफा प्यार में एक युवक ने युवती पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। चार माह पहले युवती ने दूसरे युवक से शादी कर ली, जिससे आरोपी नाराज था। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घायल युवती को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ कर रही है। आरोपी की पहचान गांव सकोर, किशनगंज, बिहार निवासी शाह बाबू (23) के रूप में हुई है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 3 बजे पुलिस को ए ब्लॉक, बुलंद मस्जिद के पास एक युवती पर चाकू से हमला होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि घायल महिला को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं लोगों ने युवती पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

छानबीन के बाद पुलिस ने बताया कि घायल महिला की पहचान हसमत जहां (22) के रूप में हुई है। वह अपने पति मोहम्मद मुन्ना के साथ ए ब्लॉक, बुलंद मस्जिद शास्त्री पार्क में रहती थी। मुन्ना दर्जी का काम करता है। महिला के सिर, चेहरे और दोनों हाथों पर चाकू से कई वार किए गए हैं। महिला की हालत नाजुक है।

आरोपी से पूछताछ में पता चला कि वह पीड़िता को उसकी शादी से पहले से जानता था। वह और पीड़िता दोनों बिहार के किशनगंज में पड़ोसी थे। पीड़िता की शादी करीब 4 महीने पहले मोहम्मद मुन्ना से हुई। वह युवती की शादी से नाखुश था। वह हैदराबाद में दर्जी का काम करता है। वह युवती से मिलने के लिए दिल्ली आया था।

बात करने के दौरान किसी बात पर उसकी पीड़िता से कहासुनी हो गई और उसने चाकू से उसपर हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से चाकू बरामद कर लिया है।