Delhi: बच्चे को मार बेड में छुपाया शव

पुलिस ने मां के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है।

0
31
delhi

इंद्रपुरी में गुरुवार की देर रात 11 साल के एक छोटे लड़के की गला घोंटकर कर हत्या कर दी गयी। शव घर के बेड बॉक्स में मिला। घटना के समय बच्चा घर पर अकेला था और माता-पिता काम पर गए हुए थे। मां के बयान के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच के मुताबिक, बच्चे के पिता का अपनी महिला मित्र से झगड़ा हुआ था। ऐसे में मां ने महिला पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस संदिग्ध की तलाश में छापेमारी कर रही है।

मृत बच्चे की शिनाख्त दिव्यांश के रूप में हुई है। वह पिता जितेंद्र और मां नीलू के साथ इंद्रपुरी के ई ब्लॉक में रहता था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात 8:30 बजे बीएलके अस्पताल से एक बच्चे की मौत की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। गर्दन पर घोटे जाने का निशान था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया।

मां ने बताया कि वह फैक्टरी में काम करती है। पिता निजी कंपनी में काम करते हैं। बृहस्पतिवार देर शाम वह कार्यालय से घर पहुंची। घर में बेटा दिव्यांश नहीं था। उन्हें लगा कि वह डांस क्लास में गया है। काफी देर तक जब वह नहीं आया तो उसने तलाश शुरू की। डांस क्लास में पूछे जाने पर पता चला कि बेटा क्लास में नहीं आया है। उसके बाद पति को जानकारी दी। उसके बाद मां ने घर में एक बार फिर बेटे की तलाश शुरू की। इस दौरान उसने बेड का एक हिस्सा उठा हुआ देखा। उसे खोलने पर दिव्यांश बॉक्स में अचेत अवस्था में मिला। वह पड़ोसियों की मदद से बच्चे को अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

बच्चे की मां ने पति की एक महिला मित्र पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है। उसने बताया कि वह मनमुटाव की वजह से अपने पति से अलग रह रही है। पति की एक महिला मित्र का उसके घर आना जाना है। इस वजह से कुछ दिन पहले उसका झगड़ा हुआ था। उसने महिला मित्र पर हत्या का आरोप लगाया। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच में आरोपी महिला के बच्चे के घर आने के सबूत मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि महिला ने ही बच्चे की हत्या की है।