‘UCC’ को लेकर रक्षा मंत्री ने किया विपक्ष पर प्रहार

रक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार उसी वचन को पूरा करने जा रही है जो संविधान में लिखा है। कोई ये आजादी मांगे की हम कितनी शादी करें, तो ये भारत में नहीं होगा।

1
15

यूनिफॉर्म सिविल कोड (Uniform Civil Code) को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) के बयान के बाद जहां सियासी घमासान तेज हो गया है। वहीं मुस्लिम पर्सलन लॉ बोर्ड (Muslim Personal Law Board) अब लॉ कमीशन को अपना ड्राफ्ट सौंपने की तैयारी कर रहा है। इस बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने यूनिफॉर्म सिविल कोड (Uniform Civil Code) को लेकर विपक्ष पर प्रहार किया है।

सरकार उसी वचन को पूरा करने जा रही है जो संविधान में लिखा है: राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने कहा है कि, विपक्ष ने इसे हिंदू और मुसलमान का सवाल बना दिया है। जबकि मोदी सरकार ने कभी किसी धर्म के लोगों की प्रेक्टिस पर प्रतिबंध नहीं लगाया। सरकार उसी वचन को पूरा करने जा रही है जो संविधान में लिखा है। कोई ये आजादी मांगे की हम कितनी शादी करें, तो ये भारत में नहीं होगा।

रक्षा मंत्री जोधपुर के शेरगढ़ में केन्द्र सरकार के 9 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक रैली को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा, “हम वही करने जा रहे हैं जो संविधान निर्माताओं ने संविधान में लिखा है। नीति -निर्देशक सिद्धांतों में, हम वही लागू करने जा रहे हैं, हम उनका वादा पूरा करने जा रहे हैं, हम पर आरोप क्यों लगाया जा रहा है?”

हम माताओं-बहनों को सम्मान दे रहे हैं: राजनाथ सिंह

उन्होंने आगे कहा कि, “क्या पंडित जवाहरलाल नेहरू संविधान सभा में नहीं थे? क्या वल्लभ भाई पटेल और बाबा साहब भीमराव अंबेडकर वहां नहीं थे? मोदी को बदनाम क्यों किया जा रहा है?”अगर कोई यह चाहता उसे यह आजादी मिल जाए कि जितनी मर्जी, उतनी शादी कर ले, तो यह भारत में नहीं होगा।”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि, “महिलाओं का सम्मान हमारी प्रतिबद्धता है चाहे वो किसी भी जाति पंथ धर्म की हो।” उन्होंने आगे कहा कि, “हम क्या गलत कर रहे हैं? हम माताओं-बहनों को सम्मान दे रहे हैं। हमने अपने घोषणापत्र में भी कहा था तो फिर क्यों विरोध किया जा रहा है। हर चीज को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की जाती है हम ऐसे देश चलने नहीं देंगे।”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि, “चुनाव के दौरान जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा हटाने और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर भाजपा के वादे पर विरोधी सवाल उठाते थे, लेकिन संसद के दोनों सदनों में बहुमत मिलने के बाद भाजपा ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटा दिया और अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है।”

प्रधानमंत्री को विश्व स्तर पर जो सम्मान मिलता है वह हर भारतीय का सम्मान है: रक्षा मंत्री

उन्होंने आगे कहा कि, वह हिंदू-मुसलमान की नहीं, न्याय और इंसानियत की राजनीति करते हैं। प्रधानमंत्री को विश्व स्तर पर जो सम्मान मिलता है वह हर भारतीय का सम्मान है और उन्हें इस पर गर्व होना चाहिए। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने यह भी कहा कि, भारत को पहले ‘कमजोर’ और ‘गरीबों की भूमि’ के रूप में देखा जाता था, जबकि अब अंतरराष्ट्रीय मंचों पर जब भारत बोलता है, तो लोग उसे खुले कान से सुनते हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से कहा कि वह वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय हैं और उनका ऑटोग्राफ लेना चाहते हैं, पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री ने मोदी के पैर छूने के लिए झुके, जबकि ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने कहा ,कि प्रधानमंत्री मोदी बॉस है।

Comments are closed.