Chhattisgarh: सामूहिक दुष्कर्म की शिकार लड़की ने बच्चे को दिया जन्म

पिछले साल जून में सामूहिक दुष्कर्म की शिकार हुई 13 वर्षीय एक लड़की ने बच्चे को जन्म दिया है।

0
117

छत्तीसगढ़ के कोरबा इलाके में पिछले साल जून में सामूहिक दुष्कर्म की शिकार हुई 13 वर्षीय किशोरी ने एक बच्चे को जन्म दिया। इस मामले में एक युवक समेत तीन लोगों को एक साथ हिरासत में लिया गया है। रविवार को पुलिस ने इस बात का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि मुख्य संदिग्ध अभी फरार है। अधिकारियों के अनुसार, भयभीत लड़की ने अपने परिवार के सदस्यों से अपने आपबीती को गुप्त रखा था, बच्चे के जन्म से वे चौंक गए थे और उन्होंने आरोपी के खिलाफ पुलिस रिपोर्ट दर्ज की थी।

इस संबंध में एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘सामूहिक दुष्कर्म की घटना पिछले साल 22 जून को हुई थी। मुख्य आरोपी तीन साथियों के साथ लड़की को अपने साथ तब ले गया था जब वह घर पर अकेली थी। उन्होंने बताया कि आरोपी लोग लड़की को सुनसान जगह पर ले गए और सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद धमकी दी कि अगर वह किसी को इस बारे में बताएगी तो नतीजे भुगतने पड़ेंगे। अधिकारी ने कहा, भयभीत लड़की ने घटना की जानकारी किसी को नहीं दी, लेकिन यह मामला तब सामने आया जब पीड़िता को प्रसव पीड़ा हुई और उसने 26 जनवरी को अपने घर पर ही बच्चे को जन्म दिया।

उन्होंने बताया कि इसके बाद परिवार के सदस्यों ने पुलिस से संपर्क किया और भारतीय दंड संहिता की धारा- 363 (अपहरण), धारा- 376(दुष्कर्म), 376(डी) (सामूहिक दुष्कर्म), धारा-506 बी (आपराधिक धमकी) और पॉक्सो अधिनियम की धारा-6 के तहत शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से दो की उम्र क्रमश: 21 और 22 साल है, लेकिन नाबालिग लड़के की उम्र की जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने कहा, ‘नाबालिग लड़के सहित तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया है और शनिवार को अदालत ने उन्हें जेल भेज दिया। मुख्य आरोपी अब भी फरार है जिसे पकड़ने की कोशिश की जा रही है।