दिल्ली-एनसीआर सहित कुछ राज्यों में बारिश होने की सम्भावना

बिहार और पश्चिम बंगाल में हीटवेव की स्थिति अगले चार दिनों तक जारी रहने की संभावना है। भारत मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

1
60

Wheather Update: पूर्वी भारत के बड़े हिस्से, विशेष रूप से बिहार और पश्चिम बंगाल में हीटवेव की स्थिति अगले चार दिनों तक जारी रहने की संभावना है। भारत मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं आईएमडी ने 18 से 20 अप्रैल के बीच उत्तर-पश्चिम भारत (North-West India), दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) सहित कुछ राज्यों में तेज हवा के साथ बारिश होने की भी सम्भावना है। इसके अलावा पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के कुछ राज्यों में आज भारी बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग ने इसके पीछे की वजह बताते हुए कहा है कि, एक पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर रहा है और चक्रवाती परिसंचरण उत्तरी पाकिस्तान और पंजाब के निचले क्षोभमंडलीय स्तर पर बना हुआ है। विभाग ने कहा कि, “4 दिनों के लिए उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश की भी उम्मीद कर रहे हैं। क्लाउड पैच धीरे-धीरे पंजाब और फिर हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से शुरू होगा। बुधवार से हिमालय क्षेत्र में भारी वर्षा की संभावना है क्योंकि ट्रफ काफी गहरा है और इस क्षेत्र को अरब सागर से बहुत अधिक नमी मिल रही है। बारिश के बाद अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट आएगी।”

अगले चार दिनों तक पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ हिस्सों में लू की स्थिति जारी रहने की संभावना है। इसे देखते हुए इन राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को गर्मी से बचने के लिए एहतियाती कदम उठाने की बात कही गई है। आईएमडी के वैज्ञानिक नरेश कुमार ने कहा कि, इन राज्यों में अगले पांच दिनों के बाद गरज के साथ बारिश की गतिविधि देखने को मिल सकती है और फिर हीटवेव की स्थिति कम हो सकती है।

मौसम विभाग ने बताया कि, पिछले कुछ दिनों में, उत्तर भारत के कई हिस्सों में, पूर्व और उत्तर पूर्व भारत के कुछ हिस्सों में और मध्य प्रदेश और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3-5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहेगा। गंगीय पश्चिम बंगाल के अलग-अलग हिस्सों में पिछले एक सप्ताह से लू की स्थिति बनी हुई है। तटीय आंध्र प्रदेश में पिछले पांच दिन, बिहार में चार दिन और पंजाब और हरियाणा में दो दिन से लू चल रही है।

आईएमडी ने कहा कि, अगले दो दिनों के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, ओडिशा और झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में भी लू की स्थिति रहने की संभावना है। हालांकि, अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट और उसके बाद 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। अगले दो दिनों के दौरान मध्य भारत में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होने की संभावना है। इसके बाद अगले तीन दिनों में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

Comments are closed.