Black Friday: दो दुखद समाचार और एक दुर्घटना, मोदी की मां हीरा बेन ओर फुटबॉलर पेले का निधन, ऋषभ पंत का हुआ एक्सीडेंट

दुखद खबरों से भरा दिन।

0
63

आज शुक्रवार है। लेकिन यह शुक्रवार हर तरह से ब्लैक फ्राइडे रहा। सुबह से तीन दुखद घटनाएं सामने आई हैं। जहां सर्वकालिक महान फुटबॉल खिलाड़ियों में से एक पेले का निधन हो गया। तो वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीरा बेन का शुक्रवार सुबह साढ़े तीन बजे निधन हो गया। इसके अलावा भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत हरिद्वार में एक सड़क हादसे का शिकार हो गए। इससे उन्हें चोट लग गई।

ब्राजील फुटबॉलर पेले का निधन

ब्राजील के फुटबॉलर पेले का 82 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। पेले की बेटी केली नैसिमेंटो ने इंस्टाग्राम के जरिए उनके निधन की जानकारी दी। 20वीं सदी के महान फुटबॉलर पेले को कोलन कैंसर था और वह पिछले कुछ दिनों से साओ पाउलो के हॉस्पिटल में भर्ती थे। ज्यादातर फॉर्वर्ड पोजीशन पर खेलने वाले पेले को दुनिया का सबसे महान फुटबॉलर कहना गलत नहीं होगा। पेले जैसा खिलाड़ी शायद ही आने वाले सदियों तक पैदा हो। पेले का ऑरिजनल नाम एडसन एरंटेस डो नासिमेंटो था। लेकिन शानदार खेल के चलते उन्हें कई दूसरे नामों से भी जाना जाता था। पेले को ‘ब्लैक पर्ल’, ‘किंग ऑफ फुटबॉल’, ‘किंग पेले’ जैसे कई सारे निकनेम मिले। पेले अपने जमाने के सबसे महंगे फुटबॉलर्स में से एक थे।

पीएम मोदी की मां हीरा बेन का अहमदाबाद में निधन

पीएम मोदी की मां हीरा बेन ने अहमदाबाद में आज अंतिम सांस ली। उनका निधन अहमदाबाद के यूएन मेहता अस्पताल में शुक्रवार सुबह 3.30 बजे हुआ। हीरा बेन को मंगलवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें सांस लेने में दिक्कत थी। हीरा बेन का अंतिम संस्कार गांधीनगर के श्मशान घाट में किया गया। पीएम मोदी ने मां के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। इससे पहले पीएम मोदी ने पार्थिव शरीर को कंधा भी दिया।

ऋषभ पंत की कार का भीषण एक्सीडेंट

भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत की कार का एक्सीडेंट हो गया है। इसमें उन्हें काफी चोटें आई हैं। यह हादसा रुड़की लौटते समय गुरुकुल नारसन क्षेत्र में शुक्रवार तड़के हुआ। ऋषभ पंत की कार डिवाइडर से टकरा गई थी। इस हादसे के बाद उनकी कार में भीषण आग भी लग गई। हादसे के बाद पंत को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, ऋषभ पंत के पैर में गंभीर चोट आई है। उनकी प्लास्टिक सर्जरी की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, पंत को मैक्स देहरादून रेफर कर दिया गया है। पंत की कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। भारतीय स्टार क्रिकेटर की कुछ फोटो भी सामने आई, जिसमें गंभीर चोटें दिखाई दे रही हैं।