उत्तर प्रदेश सहित इन राज्यों में बीजेपी की लहर कम

बीजेपी को अनुमान से काफी कम सीटें मिलती दिखाई दे रही हैं और विपक्ष उन्हें कड़ी टक्कर दे रहा है।

0
7

लोकसभा चुनाव 2024 के लिए मतगणना शुरू हो चुकी है। भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाला एनडीए और कांग्रेस के नेतृत्व का इंडी अलायंस दोनों ही अपनी जीत के दावे कर रहा है। हालांकि, चुनाव के रुझान या मतगणना के आंकड़े बीजेपी को चौंका रहे हैं। उत्तर प्रदेश, बंगाल समेत कई ऐसे राज्य हैं जहां बीजेपी को अनुमान से काफी कम सीटें मिलती दिखाई दे रही हैं और विपक्ष उन्हें कड़ी टक्कर दे रहा है। आइए जानते हैं कि किन राज्यों में भाजपा को सबसे ज्यादा झटका लगा है।

भाजपा के लिए सीटों के लिहाज से सबसे सुरक्षित राज्य उत्तर प्रदेश ही माना जा रहा था। हालांकि, इसी राज्य में उसे सबसे ज्यादा टक्कर मिली है। मतगणना के ताजा आंकड़ों को देखें तो उत्तर प्रदेश की 80 में से 33 सीटों पर भाजपा, 36 पर सपा, 8 पर कांग्रेस और 2 पर आरएलडी आगे चल रही है।

बीते लोकसभा चुनाव 2019 में पश्चिम बंगाल में भाजपा को 18 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। भाजपा को उम्मीद थी कि इस चुनाव में पार्टी 25 से ज्यादा सीटे हासिल करेगी। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा को यहां तगड़ा झटका दिया है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में तृणमूल कांग्रेस 31, भाजपा 10 और कांग्रेस 1 सीट पर आगे चल रही है।

हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। जहाँ राज्य में जारी मतगणना के ताजा आंकड़ों की बात करें तो यहां कांग्रेस 5, भाजपा 4 और आम आदमी पार्टी 1 सीट पर आगे चल रही है।