Patna: सारण नगर थाना क्षेत्र के जोगनिया कोठी के पास एक विवाहिता की आत्महत्या के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। इस मामले में दीपा के पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पिता का आरोप है कि बुलेट की मांग को लेकर दीपा को प्रताड़ित किया जाता था। उसका पति दीपा को शराब पीने के लिए मजबूर करता था। दीपा इसका विरोध करती थी।
बता दें कि दीपा बिहार के पटना (Patna) जिले के फतुहा के रहने वाले दीपक कुमार की बेटी थी। बताया जा रहा है कि मैट्रिमोनियल साइट के जरिए राहुल से उसकी शादी तय हुई थी। शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। हालांकि घटना के बाद पति समेत ससुराल वाले फरार हो गए थे।
मैट्रिमोनियल साइट
दीपा के पिता दीपक कुमार गुप्ता ने बताया कि ऑनलाइन साइट से संपर्क कर राहुल से संबंध जोड़ा था। शादी के कुछ दिन तक सब कुछ ठीक-ठाक चला, लेकिन उसके बाद बुलेट के लिए दीपा को प्रताड़ित किया जाने लगा। इसी दौरान पता चला कि राहुल शराब का भी लती है और नशे में वह दीपा के साथ मारपीट करता था। उसे जबरन शराब भी पिलाता था। उन्होंने दावा किया कि दीपा की हत्या दहेज के लिए की गई है और शव को फंदे से लटका दिया गया है। वहीं शव का पोस्टमॉर्टम छपरा सदर अस्पताल में कराए जाने के बाद उसके मायके वालों को सौंप दिया गया है।
बताया जा रहा है कि महिला घर में अकेली थी और फंदा बनाकर पंखे के सहारे खुदकुशी कर ली। जबकि उसके मायके वाले इसे हत्या करार देते हुए नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहुल गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
इस घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि दीपा का अपने पति के साथ किसी बात को लेकर विवाद भी हुआ था। जिसको लेकर आवेश में आकर इस घटना को अंजाम दिया गया है। दीपा को ढाई वर्ष का एक पुत्र भी है। नगर इस्पेक्टर रत्नेश वर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
Comments are closed.