Bihar: मुंगेर में पति ने मारी पत्नी को गोली

गोली मारने के बाद से महिला का पति फरार है।

1
16
Munger

Bihar: मुंगेर (Munger) में घरेलू विवाद इतना गहराया कि पति ने पत्नी को गोली मार दी। घायल पत्नी को पड़ोसियों ने अनुमंडल अस्पताल तारापुर पहुंचाया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे भागलपुर रेफर कर दिया गया है। पति गोली मारकर फरार हो गया है। यह घटना मुंगेर (Munger) जिले के खुदिया गांव में हुई, जो तारापुर थाना क्षेत्र में आता है। यहां मलिक यादव और उनकी पत्नी प्रियंका देवी में कहासुनी हो गई। इसी बीच मलिक यादव ने प्रियंका देवी के पेट में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से महिला को अस्पताल पहुंचाया। जहां उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर भेजा गया।

ग्रामीणों ने बताया कि गोली की आवाज सुनकर वे लोग जब प्रियंका के घर पहुंचे तो वे घायल अवस्था में जमीन पर पड़ी थी। पति मलिक यादव मौके से फरार हो गया था। ग्रामीणों ने इस वारदात की सूचना तारापुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही तारापुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर घायल महिला को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल तारापुर में भर्ती कराया। डॉक्टर ने घायल महिला का प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भागलपुर रेफर कर दिया है।

परिजनों ने बताया कि मलिक यादव और उनकी पत्नी प्रियंका देवी के बीच हमेशा किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। मलिक यादव रविवार को कहीं बाहर से घर आया और पत्नी से खाना मांगा। खाना खाने के दौरान पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि पहले तो उसने प्रियंका की जमकर पिटाई कर दी। उसके बाद पिस्तौल निकालकर पत्नी पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गया है।

पीड़ित महिला के परिजनों ने बताया कि मलिक यादव हमेशा नशे में रहता था और पत्नी के साथ आए दिन मारपीट किया करता था। नशे की हालत में ही उसने इस वारदात को अंजाम दिया है। तारापुर के डीएसपी पंकज कुमार ने बताया कि गोली मारने के बाद से महिला का पति फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पीड़ित महिला के परिजनों के बयान के पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Comments are closed.