Bihar: भाभी से अवैध संबंध के चलते पति ने की पत्नी की हत्या

मांझा थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव में रूपा नाम की महिला की लाश घर में फंदे से झूलती मिली। रूपा के भाई ने इसे हत्या बताया है।

0
25
bihar

बिहार के गोपालगंज में अवैध संबंध का विरोध करना पत्नी को महंगा पड़ गया। भाभी के प्यार में डूबे पति ने अपनी पत्नी की हत्या गला दबाकर कर दी। घटना के बाद वह शव को फंदे पर लटकाकर फरार हो गया। यह घटना मांझा थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव में हुई है। मृतक की पहचान फुलवरिया गांव निवासी संजय राम की पत्नी रूपा देवी (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

रूपा के भाई गुड्डू कुमार ने पुलिस को बताया कि संजय राम का उसकी भाभी के साथ अवैध संबंध था। रूपा इस संबंध का विरोध करती थी। विरोध करने पर संजय राम रूपा को मारता-पीटता था। रूपा के मायके व ससुरालवालों के बीच कई बार पंचायत भी हुई थी। लेकिन मामला सुलझ नहीं सका। इसी बीच गुरुवार की रात रूपा देवी की हत्या करने के बाद शव को फंदे से लटका दिया गया। इसके बाद रूपा के ससुराल वाले घर से फरार हो गए। बहन की हत्या को लेकर भाई ने थाने में आवेदन भी दिया है। भाई ने अपने बहनोई को गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सजा देने की मांग की है।

आरोपी पति फरार

शुक्रवार की सुबह वारदात की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची मांझा थाने की पुलिस ने रूपा के शव को कब्जे में लेकर हत्या में मौके से दुपट्टा सहित अन्य सामान जब्त कर लिए। वहीं, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। बता दें कि रूपा का एक छोटा बच्चा भी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष विशाल आनंद ने बताया कि रूपा के भाई ने आरोप लगाया है कि उसकी बहन की हत्या की गई है। इस हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए उसकी लाश को फंदे से लटका दिया गया है। वारदात के बाद से सभी आरोपी फरार हैं, पुलिस गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। वहीं, महिला के बच्चे को उसके मामा को सौंप दिया गया है।