मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के गृह जिले बिहार के नालंदा में अपराधियों ने पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह के रिश्तेदार को गोली मार दी। घटना में कुमार प्रगति उर्फ पिंटू कुमार नाम का व्यक्ति घायल हुआ है। घायल को इलाज के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए तुरंत ही पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। घटना सिलाव थाना क्षेत्र के धरहरा गांव में हुई।
बदमाशों ने पुरानी रंजिश की वजह से कुमार प्रगति को मारी गोली मारी
बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश की वजह से कुमार प्रगति को गोली मारी गई है। 5 से 7 की संख्या में अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। गोली लगने से जख्मी व्यक्ति कुमार प्रगति के अनुसार, उसने अपने गांव में आरसीपी सिंह का कार्यक्रम कराया गया था। तभी से उन लोगों ने दुश्मनी बना रखी थी, जिसका परिणाम इस रूप में देखने को मिला। बदमाशों ने रविवार की रात कुमार प्रगति के पेट में गोली मारी, जो कमर की ओर निकली। गोली मारने के दौरान बदमाशों ने पीड़ित से यह भी कहा, तुम आरसीपी सिंह के पास क्यों जाते हो? उसको भी देख लेंगे और आज तुमको भी देख लेते हैं।
घटना को लेकर आरसीपी सिंह ने कही ये बात
इस घटना को लेकर आरसीपी सिंह ने कहा कि राजनीति में हमारे बढ़ते कदम पर नीतीश सरकार परेशान हो गई है। जिसकी वजह से वह हमारे रिश्तेदारों को गोली मार रही है। हमें बर्बाद करने की बात कर रही है। उन्होंने कहा कि धरहरा हमारा ननिहाल है और रिश्ते में कुमार प्रगति हमारा पोता लगता है। यह सरकारी नौकरी करता है और कल छुट्टी में हमसे मिलने आया था और यहां से मिलने के बाद वापस जाने के समय उसे गोली मार दी गई।
नीतीश कुमार में राजनीतिक रूप से लड़ने की हिम्मत नहीं: आरसीपी सिंह
आरसीपी सिंह ने कहा, उससे कहा गया कि उसे मेरा साथ छोड़ देना चाहिए, नहीं तो उसे मार दिया जाएगा। वह (पीड़ित) एक ऐसे व्यक्ति का नाम ले रहा है, जो जेडीयू से है। नीतीश कुमार में राजनीतिक रूप से लड़ने की हिम्मत नहीं है, इसलिए वे मेरे रिश्तेदारों पर हमला कर रहे हैं और उनसे कह रहे हैं कि वे मुझे बर्बाद कर देंगे। बिहार में गुंडाराज चल रहा है।