Australia vs Sri Lanka, World Cup 2023: ऑस्ट्रेलिया ने सोमवार को लखनऊ (Lucknow) में श्रीलंका को पांच विकेट से हराकर मौजूदा 2023 विश्व कप अभियान की अपनी पहली जीत दर्ज की। 210 रनों का पीछा करते हुए, ऑस्ट्रेलिया ने मिशेल मार्श (Mitchell Marsh) और जोश इंगलिस (Josh Inglis) की बदौलत 35.2 ओवर में 215/5 रन बना लिए। शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के आसानी से आउट होने के बाद मार्श ने 51 गेंदों पर 52 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम को उम्मीद जगाई। इस बीच, इंगलिस ने आते ही लाबुशेन (40) के साथ लक्ष्य का पीछा तेज कर दिया। इंगलिस ने 59 गेंदों में 58 रन बनाए। ग्लेन मैक्सवेल (31) और मार्कस स्टोइनिस (20) ने कुछ बेहतरीन बाउंड्री लगाकर ऑस्ट्रेलिया को जीत दिलाई।
पहली पारी में, एडम ज़म्पा (Adam Zampa) ने ऑस्ट्रेलियाई लड़ाई का नेतृत्व किया और चार विकेट लेकर अपनी टीम को श्रीलंका को 43.3 ओवर में 209 रन पर समेटने में मदद की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने वाले श्रीलंका को मजबूत शुरुआत मिली और कुसल परेरा और पथुम निसांका की सलामी जोड़ी ने 21.4 ओवर में 125 रन जोड़ दिए। पैट कमिंस (Pat Cummins) ने पहला झटका देते हुए निसांका को 61(67) पर आउट किया और कुछ ही देर बाद परेरा को 78(82) पर क्लीन बोल्ड कर दिया।
इसके बाद एडम ज़म्पा ने श्रीलंका की मुश्किलें बढ़ा दीं, क्योंकि उन्होंने कुसल मेंडिस और सदीरा समाराविक्रमा को एकल अंक के स्कोर पर आउट कर गति को ऑस्ट्रेलिया की ओर मोड़ दिया। बीच में थोड़ी देर के लिए बारिश भी हुई, जिसके बाद ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज पूरी तरह से हावी हो गए। ज़म्पा के अलावा, मिशेल स्टार्क (Mitchell Starc) ने दो विकेट लिए, जबकि ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell) ने एक विकेट लिया।
Australia vs Sri Lanka, World Cup 2023 से जुडी कुछ मुख्य बातें:-
- श्रीलंका ने टॉस जीतकर किया बल्लेबाजी का फैसला।
- श्रीलंका ने अपनी टीम में दो बदलाव किए, ऑस्ट्रेलिया ने कोई नहीं।
- सलामी बल्लेबाज कुसल परेरा, पथुम निसांका ने अर्धशतक जड़े।
- एडम ज़म्पा के चार विकेट की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका को 43.3 ओवर में 209 रन पर आउट कर दिया।
- 210 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिशेल मार्श ने अर्धशतक जमाया।
- ऑस्ट्रेलिया के लिए जोश इंगलिस ने अर्धशतक जमाया।
- ऑस्ट्रेलिया ने 35.2 ओवर में 215/5 रन बनाकर पांच विकेट से जीत हासिल की।