अरविंद केजरीवाल और भगवंत सिंह मान ने किया ‘सीएम दी योगशाला’ का आगाज

0
50

पटियाला: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान (Bhagwant Singh Mann) और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को पटियाला के पोलो ग्राउंड के जिम्नेजियम हाल में आयोजित प्रदेशस्तरीय समागम में ‘सीएम दी योगशाला’ प्रोजेक्ट का आगाज किया। भगवंत मान ने मुफ्त में योग प्रशिक्षण हासिल करने के लिए लोग टोल फ्री नंबर 76694-00500 भी जारी किया। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट के तहत प्रशिक्षित योग इंस्ट्रक्टर खुले पार्कों व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को मुफ्त में योग सिखाएंगे।

पोर्टल की लांचिंग के बाद अपने संबोधन में भगवंत सिंह मान (Bhagwant Singh Mann) ने कहा कि देश की व्यस्तता छोड़कर मुख्यमंत्री पोर्टल जारी करने वाले अरविंद केजरीवाल का हम स्वागत करते हैं। राघव चड्ढा ने संसद में फसल खराब होने का मुद्दा उठाया, जिसके लिए मैं उनका आभारी हूँ। योगशाला को सबसे पहले दिल्ली में लोगों की डिमांड पर शुरू किया गया था, जिसकी काफी सराहना हुई थी, लोगों ने इसे इतना पसंद किया कि दिल्ली के एलजी ने इसे बंद कर दिया, अक्सर दिल्ली में एलजी द्वारा लोगों को पसंद आने पर चीजों को बंद कर दिया जाता है, लेकिन पंजाब में इसे कोई नहीं रोक सकता।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि मै पटियाला लंबे समय तक रहा। मेरे दादा जी शहर में रहकर सुखी नहीं थे, क्योंकि रात को कब सो जाते हैं, भगवान नहीं देखते। पहले के समय में लोग शारीरिक श्रम करते थे और स्वस्थ रहते थे, लेकिन अब कोविड जैसी बीमारियां हावी हो चुकी हैं। आज के समय में शरीर को स्वस्थ रखने के लिए योग सबसे बेहतर उपाय है।

पंजाब में खुलेंगे 14 हजार स्पोर्ट्स क्लब

भगवंत सिंह मान (Bhagwant Singh Mann) ने बताया कि पंजाब में 14 हजार स्पोर्ट्स क्लब फिर से खुलेंगे। पंजाब खेलों को शानदार प्रतिक्रिया मिली है। पंजाब पुलिस भर्ती अक्टूबर में की जा रही है। सरकारी अस्पतालों में भीड़ कम करने के लिए आम आदमी क्लीनिक खोले गए। मान ने कहा कि पंजाब में बेमौसम बारिश के कारण फसलों को नुकसान हुआ है और मुआवजे की राशि 14 अप्रैल को सरकार द्वारा सर्वे कराकर किसानों के खातों में जमा करायी जायेगी।

पंजाब में खुलेंगे 10 यूपीएससी सेंटर

मुख्यमंत्री ने युवाओं से काम को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि युवा सरकार को सुझाव दें, सरकार आपकी पूरी मदद करेगी। भावना से नहीं बल्कि एकाग्रता से सोचने और काम करने की जरूरत है। यूपीएससी की तैयारी के लिए पंजाब में 10 सेंटर खोले जाएंगे। यह सेंटर नौजवानों को क्वालिटी कोचिंग देंगे ताकि वे प्रदेश व देश के अहम ओहदों पर आसीन हो सकें।