धरने के बीच पहलवानो ने अपने पुरस्कार लौटाने की कही बात

पहलवान पदक लौटाने की बात पर बोले जो उन्होंने कहा है उसे वे पूरा करेंगे।

0
7

दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहलवानों (wrestlers) का धरना प्रदर्शन जारी है। आज उनके धरने का 13वां दिन है। मालूम हो कि, पहलवान भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष और बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan Sharan Singh) की गिरफ्तारी को लेकर धरने पर बैठे हैं। अब इस बीच सभी पदक विजेता पहलवान (wrestlers) अपने पदक लौटाने पर विचार कर रहे हैं।

पहलवानों (wrestlers) ने गुरुवार को स्पष्ट कर दिया कि उनका धरना जारी रहेगा। उनकी मांग अभी भी वही है कि, जब तक बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan Sharan Singh) की गिरफ्तारी नहीं हो जाती है, तब तक वे जंतर-मंतर पर धरना देते रहेंगे। अगर उन्हें कहीं से न्याय नहीं मिला तो वे अपने ओलंपिक, एशियाई खेलों के पदक और पुरस्कार सरकार को वापस लौटा देंगे। इन पुरस्कारों में बजरंग पुनिया, साक्षी मलिक को मिला देश का चौथा सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म श्री भी शामिल है। बजरंग पुनिया, साक्षी मलिक और विनेश तीनों को देश का सर्वोच्च खेल सम्मान मेजर ध्यानचंद खेल रत्न मिल चुका है।

विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया को अर्जुन अवार्ड भी मिल चुका है। पहलवानों ने कहा कि, इन सम्मानों और पदकों का कोई मतलब नहीं है। अगर उनके साथ इस तरह का व्यवहार किया जाता है। इससे अच्छा यही है कि इन्हें सरकार को लौटाकर हम आम जिंदगी जिएं। पहलवान पदक लौटाने की बात पर बोले जो उन्होंने कहा है उसे वे पूरा करेंगे। इसके लिए उन्होंने समय सीमा निर्धारित नहीं की है।

बजरंग पूनिया ने एक भावुक ट्वीट कर लोगों से समर्थन मांगा है। उन्होंने कहा है कि, हम देश के गर्व के लिए लड़ते हैं और आज हम विजेताओं के सम्मान में लड़ रहे हैं। हमारा समर्थन करें। इसके साथ ही उन्होंने एक वीडियो शेयर किया। जिसमें धरने पर बैठे सभी पहलवानों को ऐतिहासिक पदक जीतते हुए दिखाया गया है।