दिल्ली की सड़कों पर उतरे आप और बीजेपी

दिल्ली पुलिस को भी इस बात की पूरी आशंका थी और इसी वजह से उन्होंने भी इसकी पूरी तैयारी की हुई थी।

0
26

राजनीतिक गलियों से आये दिन कोई ना कोई खबर सामने आती रहती है। जहाँ इन दिनों दिल्ली में सियासी माहौल गरमाया हुआ है। दिल्ली की सड़कों पर आम आमदी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता उतरे हुए हैं। दोनों एक-दूसरे के कार्यालयों के बाहर जबरदस्त प्रदर्शन कर रहे हैं। दोनों ही पार्टियों ने इस विरोध-प्रदर्शन की अनुमति दिल्ली पुलिस से मांगी थी लेकिन पुलिस ने किसी को भी इसकी परमिशन नहीं दी थी। इसके बावजूद दोनों ही पार्टियों के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस को भी इस बात की पूरी आशंका थी और इसी वजह से उन्होंने भी इसकी पूरी तैयारी की हुई थी।

एकतरफ चंडीगढ़ मेयर चुनाव में धांधली को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ विरोध कर रही है। वहीं बीजेपी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को लेकर हमलावर है। बीजेपी का आरोप है कि दिल्ली के शराब घोटाले में अरविंद केजरीवाल की भी भूमिका है और वह इसी वजह से ईडी के द्वारा बार-बार बुलाए जाने के बाद भी पेश नहीं हो रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर भाजपा के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे हुए हैं। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के इस विरोध प्रदर्शन की वजह से सेंट्रल दिल्ली की कई सड़कें जाम हैं।

जानकारी के मुताबिक, आईटीओ चौक, पंडित दिनदयाल उपाध्याय मार्ग और प्रगति मैदान के आसपास के इलाकों में भीषण जाम लगा हुआ है। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस ने राज्य के सीमाओं पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की हुई है। बता दें कि दोनों पार्टियों के मुख्यालय एक ही सड़क पर हैं और दोनों के बीच कुछ सौ मीटर की दूरी है। इस वजह से भी दिल्ली पुलिस अतिरिक्त सावधानी बरत रही है।